एमबीबीएस छात्र रोहन ने खुदकुशी से पूर्व वीडियो भी बनाया था। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। हालांकि इस वीडियो की पुष्टि अमर उजाला नहीं करता है। वायरल वीडियो में रोहन कह रहा है कि पापा-मम्मी मैं आपसे माफी मांगना चाह रहा हूं। कुछ दिनों से मैं बहुत ज्यादा तनाव में हूं। इसकी सारी हदें पार हो गई हैं। मैं बिल्कुल नहीं पढ़ पाया हूं, एमबीबीएस में मैं फेल भी हो जाऊंगा। मैंने बहुत कोशिश की सबकुछ संभालने की लेकिन नहीं संभाल पाया। मैं बहुत ज्यादा तनाव में हूं। कर्ज भी बहुत हो गया है।
छात्र की पत्नी पीलीभीत निवासी आकांक्षा को जांच पूरी होने तक शहर में रुकने के लिए कहा है। उधर, छात्र के चाचा का आरोप है कि मेडिकल कॉलेज में रैगिंग के चलते रोहन किराए के मकान में रहता था। हालांकि इस आरोप को छात्र की पत्नी ने खारिज करते हुए कहा कि दोनों ने कोर्ट मैरिज की थी। छात्रावास में सिर्फ रोहन रुक सकता था, इसलिए वे किराए के मकान में रहते थे।
मेरठ के गंगानगर निवासी रोहन कुमार (26) शहर के कुशवाहा नगर में किराए का मकान लेकर पत्नी पीलीभीत निवासी आकांक्षा के साथ रह रहा था। वह रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में प्रथम वर्ष का छात्र था।
रोहन ने गुरुवार को तड़के मकान में दुपट्टे से फंदा लगाकर जान दे दी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत की वजह हैंगिंग आई थी। रिपोर्ट में पैर के अंगूठे में भी चोट दिखाई गई है। डॉक्टरों का कहना है कि छात्र को बाइक से लाते समय पैर के अंगूठे में चोट लगी है।
उधर, पुलिस यह जांच कर रही है में छात्र छात्रावास को छोड़कर किराए के मकान में क्यों रह रहा था। चाचा विनय कुमार ने बताया कि रोहन ने अगस्त 2023 में रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में प्रथम वर्ष में प्रवेश लिया था। प्रवेश के 15 दिन बाद फोन से बताया कि कॉलेज में सीनियर छात्र रैगिंग ले रहे हैं। इस वजह से वह घर आना चाहता है। उन्होंने उसे घर आने से मना कर दिया और वहीं रहकर पढ़ाई करने के लिए कहा था। बाद में उसने कुशवाहा नगर में किराए का मकान लिया था।