मेरठ। बैंकॉक में खेली जा रही एशियाई ओसिनिआ पैरा पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में मेरठ के सोहेल राणा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 72 किलोग्राम भार वर्ग में तीसरा स्थान हासिल करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के चार एथलीट भाग ले रहे थे लेकिन सुहेल राणा ही पदक जीतने में कामयाब रहे।
प्रतियोगिता का आयोजन दो से 12 अप्रैल तक किया गया था। मवाना के रहने वाले सोहेल राणा ने बताया कि उन्होंने कुल 110 किलोग्राम भार उठाकर तीसरा स्थान हासिल किया। पहले स्थान पर मलयेशिया के खिलाड़ी रहे जबकि दूसरा स्थान उज़्बेकिस्तान को मिला। सोहेल राणा के अलावा मेरठ की एशियन पैरा गेम्स की रजत पदक विजेता जैनब खातून, गोरखपुर के विनय कुमार और शिवकुमार ने भी प्रतिभाग किया था। सोहेल राणा उत्तर प्रदेश पैरा कमेटी के चेयरमैन जेपी सिंह से प्रशिक्षण ले रहे हैं। इससे पहले उन्होंने फरवरी में रुड़की में आयोजित नेशनल पैरा चैंपियनशिप में भी स्वर्ण पदक हासिल किया था। इसके अलावा 2020-21 में स्टेट चैंपियनशिप में भी स्वर्ण पदक जीता था।