रोहटा। गांव रोहटा में सड़क किनारे कूड़े के ढेर में लगी आग पास के गन्ने के खेत तक पहुंच गई। आग की चपेट में आने से किसान मोनू उर्फ अमित की खड़ी चार बीघा गन्ने की फसल में से करीब डेढ़ बीघा जल गई। घटना बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे रोहटा पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर आईटीआई कॉलेज के पास हुई।
खेत में आग लगी देखकर आसपास के लोगों ने किसान को सूचना दी। इसके बाद मोनू उर्फ अमित परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक गन्ने की फसल का काफी हिस्सा जल चुका था। किसान का आरोप है कि सड़क किनारे कूड़े के ढेर में लगी आग की लपटें फैलकर उनके खेत तक पहुंच गईं, जिससे फसल जल गई।
किसान के अनुसार गन्ने की फसल उनकी आजीविका का प्रमुख साधन है। किसान ने फसल को हुए नुकसान पर चिंता जताई। नुकसान का आकलन होना अभी बाकी है।