पत्नी से था विवाद, तनाव में युवक ने सल्फास खाकर जान दी
मोदीपुरम (मेरठ)। कंकरखेड़ा के श्रद्धापुरी फेस दो में रविवार को एक युवक ने सल्फास खाकर जान दे दी। उसके पिता मकान में ही संदिग्ध हालत में पड़े मिले। पुलिस ने गंभीर हालत में उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। पता चला है कि युवक का पत्नी से विवाद रहता था और दो दिन पहले ही उसने पत्नी को तलाक दिया था। पुलिस घटना के कारणों की जांच में जुटी है।
कंकरखेड़ा पुलिस के अनुसार नितिन तंवर अपने पिता राजपाल के साथ श्रद्घापुरी फेज दो के मकान नंबर ई-86 में किराए पर रह रहा था। मूलरूप से वह डब्लू जेड 343 नारायणा गांव साउथ वेस्ट दिल्ली के रहने वाले हैं। रविवार को नितिन ने जहरीला पदार्थ खा लिया। सुबह मकान मालिक नरेश जब किराया लेने पहुंचे तो नितिन का शव फर्श पर पड़ा था और पिता बेड पर थे। नरेश ने पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी तपेश्वर सागर मौके पर पहुंचे। राजपाल को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। पुलिस को सल्फास की खाली डिब्बी मिली।
पुलिस का मानना है कि डिप्रेशन के चलते युवक ने जहर खाया है, पिता की हालत पहले से ही खराब है, वह करीब पंद्रह साल से बीमार चल रहे हैं। पुलिस ने नितिन के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के भेज दिया। सूचना पर दोपहर बाद राजपाल का दामाद टटीरी निवासी अश्वनी और बेटी भी पहुंच गए और पुलिस से मामले की जानकारी ली।
----
पत्नी से तोड़ा 11 साल का नाता
मोदीपुरम । श्रद्धापुरी में किराए पर रहने वाले नितिन की शादी मुजफ्फरनगर जिले के खतौली क्षेत्र के गांव सठेडी की निवासी विनीता पुत्री अमृत सिंह से 22 नवंबर 2010 को शादी हुई थी। कुछ साल हंसी खुशी बीते। मगर बाद में दोनों में विवाद बढ़ने लगा। तलाक तक नौबत आ गई। इसे लेकर ही नितिन तनाव में था। नितिन की मौत के बाद वहां से मिले स्टांप पेपर को देखकर फिलहाल पुलिस डिप्रेशन में आत्महत्या होना मान रही है। नितिन दिल्ली से कपड़ा और कॉस्मेटिक समान लाने का व्यापार करता था। पिता राजपाल पहले से ही बीमार थे और चिकित्सक की सलाह पर वह बेड रेस्ट पर थे। रीढ़ की हड्डी खराब थी। दो दिन पहले ही विनीता और नितिन के बीच 50 रुपये के स्टांप पर संबंध विच्छेद की प्रक्रिया पूरी हुई।
---
पिता- पुत्र के जहर खाने की दी गई थी सूचना
- कालोनी में पिता-पुत्र के जहर खाने की सूचना पुलिस तक पहुंची। पुलिस ने जाकर देखा तो बेटा नीचे पड़ा था और पिता बेड पर थे। मकान अंदर से बहुत ही गंदा था। उसमें बदबू आ रही थी। हर कोई अंदर जाने की हिम्मत नहीं करपा रहा था। पिता की रीड़ की हड्डी खराब है। वह कई साल से बेड पर ही हैं। नितिन के पास से ही सल्फास के तीन पॅैकेट मिले हैं। पुलिस को शुरू में लगा कि पिता पुत्र दोनों ने जहर खा लिया, लेकिन जांच में सामने आया कि पिता ने जहर नहीं खाया है। पिता गंभीर बीमारी से ग्रसित हैं। सोशल मीडिया पर दिन भर पिता पुत्र के जहर खाने की खबर वायरल होती रही।