मेरठ। जिले के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि मेरठ में ऐसी मशीन लगेगी, जिससे कूड़े से सोना बनेगा। ये मशीन जल्द तैयार हो जाएगी। मशीन तैयार होने पर मेरठ में कूड़े से सोना बनेगा। यहां उनका आशय कचरे के बेहतर निस्तारण, स्वच्छता और रिसाइकिल से उत्पाद तैयार करने को लेकर था।
उन्होंने यह भी कहा कि नालों से गंदगी निकाली जाए और गीला कूड़ा भी तत्काल उठाकर इसका निस्तारण करें। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाने के लिए सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें। सभी विभाग तीन माह की कार्ययोजना बनाकर काम करें। जल जीवन मिशन के तहत गांव में शत-प्रतिशत पानी की सप्लाई की जाए।
प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने सोमवार को विकास भवन में स्वच्छ पेयजल, दुग्ध विकास, राशन वितरण, स्वच्छता, वृद्धावस्था, विधवा, विकलांग पेंशन, विवाह अनुदान, विद्युत आपूर्ति, संक्रामक रोग नियंत्रण, गोसंरक्षण, हरा चारा भूसा, पेयजल आदि की व्यवस्था के संबंध में बैठक ली। उन्होंने कहा कि पानी का दुरुपयोग नहीं होना चाहिए। बरसात से पहले नालों की सफाई की जाए। शहर को स्वच्छ बनाने के लिए सभी विभाग समन्वय बनाकर काम करें। आंधी के कारण टूटे बिजली तार, खंभों और ट्रांसफार्मरों को युद्ध स्तर पर ठीक करके बिजली आपूर्ति चालू की जाए। बरसात के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों को ठीक कराया जाए। संक्रामक रोगों को रोकने के लिए टीकाकरण, एंटी लार्वा स्प्रे, फॉगिंग आदि किया जाए। गोशालाओं में भूसा, चारा पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराया जाए।
जिलाधिकारी डाॅ. वीके सिंह ने कहा कि बैठक में विकास कार्यों में अपेक्षित प्रगति की जाएगी। बैठक में सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, हरिकांत अहलूवालिया, एमएलसी अश्विनी त्यागी, गुलाम मोहम्मद, एसएसपी विपिन ताडा, सीडीओ नूपुर गोयल, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी अतुल सोनी आदि मौजूद रहे।