- पीड़िता की तहरीर पर पांच आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। मेडिकल थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपने दरोगा पति सहारनपुर निवासी प्रदीप, सास उषा और तीन देवर दीपक, हिमांशु व हरेंद्र पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट, जान से मारने की धमकी का आरोप लगाते हुए एसएसपी ऑफिस पर शिकायत पत्र दिया था। एसएसपी के आदेश पर पीड़िता की तहरीर पर मेडिकल थाना पुलिस ने आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज कर ली।
गढ़ रोड स्थित कॉलोनी निवासी एक महिला ने शुक्रवार को थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी शादी 7 मार्च 2024 को सहारनपुर निवासी प्रदीप कुमार से हुई थी। प्रदीप उत्तर प्रदेश पुलिस में दरोगा के पद पर तैनात हैं। आरोप है कि शादी में करीब 10 लाख रुपये नकद, जेवर, फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान देने के बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था। शादी के बाद पति समेत ससुराल वाले लगातार 15 लाख रुपये दहेज लाने का दबाव बना रहे है। मांग पूरी न होने पर उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया गया। महिला ने आरोपियों पर कमरे में बंद कर कई दिनों तक भूखे रखने का आरोप भी लगाया है। अप्रैल 2026 को पति ने उसके साथ मारपीट की और पैसे नहीं लाने पर घर से निकाल दिया। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।