मेरठ। रेलवे रोड थाना क्षेत्र की केसरगंज चौकी पर तीन हजार की रिश्वत लेकर लूट के आरोपी रिहान को छोड़ने के मामले में गिरफ्तार किए गए दरोगा अनूप कुमार और हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। उच्च अधिकारियों ने दरोगा व हेड कांस्टेबल के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी है। वहीं, लूट के आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
रेलवे रोड थाना क्षेत्र में दर्ज लूट के मामले में कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी होने पर रिहान को पकड़ने के बाद कथित तौर पर दरोगा व हेड कांस्टेबल ने तीन हजार रुपये रिश्वत लेकर छोड़ दिया था। आरोपी की मां की शिकायत पर मामले की जांच कराई गई, जिसमें सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपों की पुष्टि होने पर कार्रवाई की गई।
जांच में सामने आया कि आरोपी को हिरासत में लेने के बाद केसरगंज चौकी लाया गया था। आरोप है कि वहां से रिश्वत लेने के बाद उसे छोड़ दिया गया। मामले में नौचंदी थाने में तैनात दरोगा अनूप कुमार और केसर गंज चौकी पर कार्यरत हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। सीओ कैंट विश्व ज्योति राय ने बताया कि आरोपी दरोगा और हेड कांस्टेबल को बृहस्पतिवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।