सुम्मैया कौसर को स्व. मुरारी लाल माहेश्वरी स्वर्ण पदक से सम्मानित करते राज्यपाल रामनाईक
- फोटो : अमर उजाला
सीसीएसयू के 30वें दीक्षांत समारोह में राज्यपाल रामनाईक ने 51 होनहारों को स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया। आईपी कॉलेज बुलंदशहर की सुम्मैया कौशर को एमकॉम परीक्षा में टॉप करने पर राज्यपाल ने स्वर्गीय मुरारी लाल माहेश्वरी स्वर्ण पदक और मास्टर इन जर्नलिज्म के टॉपर मेरठ के फहद हयात को श्री अतुल माहेश्वरी स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया। स्वर्गीय मुरारी लाल माहेश्वरी अमर उजाला के संस्थापक रहे हैं और श्री अतुल माहेश्वरी नवोन्मेषक रहे हैं। प्रतिवर्ष इनके नाम पर टॉपर्स को ये दोनों स्वर्ण पदक दिए जाते हैं।
सुम्मैया कौशर ने बताया कि ये पदक उनके जीवन में बेहद महत्व रखता है। प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका सुम्मैया बुलंदशहर स्याना के चौधरियान मोहल्ला की रहने वाली हैं। उनके पिता राशिद रोडवेज में क्लर्क हैं। मां रजिया हाउस वाइफ हैं। सुम्मैया की एक बहन हिना और भाई सैफ हैं। आईपी कॉलेज के कॉमर्स विभागाध्यक्ष डॉ. विनोद अग्रवाल ने बताया कि उनके कॉलेज के लिए ये गौरव की बात है। इससे पहले भी एमकॉम में उनके यहां के छात्रों ने टॉप करके मुरारी लाल माहेश्वरी पदक हासिल किया है। एमजेएमसी में टॉप करके श्री अतुल माहेश्वरी स्वर्ण पदक पाने वाले फहद हयात परीक्षितगढ़ के शौंदत गांव के रहने वाले हैं। पिता हयात अहमद मेरठ-मवाना कचहरी में वकील हैं। माता शकीला टीचर हैं। घर में चार भाई और एक बहन है। फहद ने बताया कि पत्रकारिता में श्री अतुल माहेश्वरी स्वर्ण पदक पाने पर वे बहुत बेहद उत्साहित हैं। फहद ने मेरठ कॉलेज से पढ़ाई की है।