बागपत। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 24 फरवरी से शुरू हो रही हैं। परीक्षा को लेकर माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा परीक्षार्थियों की मदद के लिए कदम उठाए जा रहे है। परीक्षार्थी अब ई-ज्ञान गंगा व दीक्षा ऐप से अपना ज्ञान बढ़ाते नजर आएंगे।
यूपी बोर्ड की परीक्षा नजदीक आ चुकी है। माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा भी परीक्षार्थियों की परीक्षा की तैयारी कराने के लिए कई ऐप जारी कर रहा है, ताकि उन्हें परीक्षा में किसी भी तरह की परेशानी न हो। परीक्षार्थी तनाव से दूर रहकर अच्छे अंक हासिल कर सकें। बोर्ड परीक्षार्थियों के मॉडल प्रश्न पत्रों को वेबसाइट पर जारी करने के साथ ही विषय से संबंधित गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक सामग्री, विषय विशेषज्ञों की वीडियो दीक्षा ऐप और माध्यमिक शिक्षा विभाग के यूट्यूब चैनल ई-ज्ञान गंगा पर उपलब्ध हैं। विद्यार्थी उनसे भी सहायता ले सकते हैं। डीआईओएस धर्मेंद्र सक्सेना ने बताया कि विद्यार्थी ई-ज्ञान गंगा यूट्यूब चैनल कभी भी देख सकते हैं और इनके माध्यम से परीक्षा की तैयारी कर सकते है। यह परीक्षा में परीक्षार्थियों की मदद करेगा। इससे उनको किसी भी तरह की परेशानी नहीं होगी। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षार्थियों के लिए बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए यह महत्वपूर्ण है।