सरधना। नशामुक्त अभियान के तहत बृहस्पतिवार को प्रधानाचार्य डॉ. सिस्टर मीना नायडू की अध्यक्षता में विद्यालय में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों को नशे से होने वाले नुकसान की जानकारी देते हुए नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। एनसीसी कैडेट्स ने नुक्कड़ नाटक और जागरूकता रैली के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों को नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाकर की गई। एनसीसी कैडेट्स ने प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों को प्रदर्शित करते हुए लोगों को इससे दूर रहने के लिए जागरुक किया गया। एनसीसी कैडेट्स ने जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से आसपास के लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ और नशामुक्त समाज बनाने का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों ने नशामुक्ति से संबंधित संदेशपरक पोस्टर भी तैयार किए। पोस्टरों के माध्यम से लोगों को नशे की आदत से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
विज्ञापन
प्रधानाचार्य डॉ. सिस्टर मीना नायडू ने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स की सक्रिय भागीदारी रही।