संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। नॉर्थ इंडिया सेल्फ डिफेंस फेडरेशन द्वारा सरस्वती विद्या मंदिर हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित 15 दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हो गया। विद्यालय के लगभग 700 छात्र-छात्राओं को सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण करने पर प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
मुख्य अतिथि फेडरेशन के निदेशक दुष्यंत त्यागी एवं निदेशक पायल उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य अनिल कुमार वर्मा, समन्वयक ममता एवं मोहन सैनी सहित समस्त शिक्षक व विद्यार्थी मौजूद रहे। प्रधानाचार्य ने कहा कि वर्तमान समय और परिवेश को देखते हुए आत्मरक्षा प्रशिक्षण अब केवल एक अतिरिक्त गतिविधि नहीं, बल्कि हमारी शिक्षा व्यवस्था का एक अनिवार्य और महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है।
फेडरेशन के निदेशक ने कहा कि हमारी संस्था का मुख्य उद्देश्य केवल आत्मरक्षा की कुछ तकनीकों को सिखा देना भर नहीं है। हमारा वास्तविक लक्ष्य प्रत्येक छात्र और छात्रा में वह आत्मविश्वास, आत्मबल, अनुशासन और विपरीत परिस्थितियों में बिना डरे सही व त्वरित निर्णय लेने की मानसिक क्षमता विकसित करना है।
15 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में मुख्य प्रशिक्षक आदित्य और प्रशिक्षिका सलोनी श्रीवास्तव, नेहा एवं भूमिका द्वारा विद्यार्थियों को प्रशिक्षित किया गया। विद्यार्थियों ने मंच पर आकर प्रशिक्षण के दिनों में सीखी गई आत्मरक्षा की विभिन्न कठिन तकनीकों का अत्यंत प्रभावशाली और सजीव प्रदर्शन भी किया।