हस्तिनापुर। राष्ट्रीय ओरल हेल्थ कार्यक्रम के तहत कस्बे के एमडीएस जूनियर हाई स्कूल में निशुल्क जांच शिविर का आयोजन किया। इसमें सीएचसी के चिकित्सकों की टीम ने स्कूल के सभी छात्र-छात्राओं के दांतों और मुंह की जांच की और मुंह में होने वाली बीमारियों के बारे में बताया। उपचार और सावधानियां बरतने की भी जानकारी दी। दवाइयां भी वितरित की गई। लखनऊ से आए अरविंद श्रीवास्तव ने पोपट शो के माध्यम से विद्यार्थियों को दांतों की देखभाल और वर्तमान में गलत खानपान होने वाली अनियमितता के बारे में बताया। बताया कि वर्तमान समय में फास्ट फूड, कोल्ड ड्रिंक, पैकेज फूड के खाने का चलन बहुत बढ़ गया है। इस कारण दांतों और स्वास्थ्य दोनों पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। सुबह-शाम दांतों को सॉफ्ट ब्रश के साथ अच्छे टूथपेस्ट से सफाई करनी चाहिए। प्रधानाचार्य जेपी बैंसला ने बताया कि समय-समय पर विद्यालय में विद्यार्थियों की स्वास्थ्य संबंधी जांच के शिविर लगाए जाते हैं।