संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। गांव बेगमाबाद में बुधवार रात ट्यूशन पढ़कर ई-रिक्शा से घर लौट रहे कक्षा 10 के छात्र और ई-रिक्शा चालक पर बाइक व स्कूटी सवार चार युवकों ने हमला कर दिया। आरोप है कि युवकों ने छात्र के साथ मारपीट करते हुए लोहे के पंच से वार किए। छात्र को बचाने के प्रयास में ई-रिक्शा चालक के साथ भी मारपीट की गई। हमले में दोनों घायल हो गए। शोर मचाने पर आसपास के दुकानदारों के मौके पर पहुंचने पर आरोपी फरार हो गए। वारदात दौराला पुल चौकी से कुछ दूरी पर हुई।
गांव बेगमाबाद निवासी मनी कस्बे के जैन इंटर कॉलेज में कक्षा 10 का छात्र है। स्कूल की छुट्टी के बाद वह सरधना में निजी शिक्षक के यहां ट्यूशन पढ़ता है। बुधवार रात करीब नौ बजे ट्यूशन खत्म होने के बाद वह गांव निवासी दानिश की ई-रिक्शा से घर लौट रहा था। आरोप है कि रात करीब 10 बजे गांव के निकट शिव मंदिर के पास पहुंचते ही बाइक और स्कूटी सवार चार युवकों ने ई-रिक्शा रोक लिया।
आरोप है कि युवकों ने मनी के साथ मारपीट शुरू कर दी और लोहे के पंच से हमला किया। छात्र को बचाने के लिए चालक दानिश बीच में आया तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। हमले में दोनों घायल हो गए। पीड़ितों के शोर मचाने पर आसपास के दुकानदार मौके की ओर दौड़े। लोगों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए।
बताया गया कि घटना दौराला पुल चौकी से चंद कदम की दूरी पर हुई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा। सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि घायलों का मेडिकल कराया जा रहा है। तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
-