यूपी के मेरठ जिले में दो सगी बहनों ने अपने ही कॉलेज में पढ़ने वाले एक युवक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। शुक्रवार रात आरोपी पक्ष ने घर में घुसकर मारपीट और फायरिंग की। थाने में कार्रवाई न होने पर पीड़ित पक्ष ने एसएसपी ऑफिस पहुंचकर हंगामा किया।
इंचौली निवासी एक व्यक्ति ने शिकायती पत्र देते हुए आरोप लगाया कि उसकी दो बेटी शहर में एक कॉलेज में बीए की पढ़ाई कर रहीं हैं। नंगली आजमाबाद निवासी छात्र पिछले तीन दिन से दोनों छात्राओं को परेशान कर रहा है। शुक्रवार शाम जब छात्रा कॉलेज जा रही थीं तो मवाना बस अड्डे के पास आरोपी ने छेड़छाड़ करते हुए हाथ पकड़ लिया। जातिसूचक शब्द कहते हुए अपहरण की धमकी दी। शाम को जब उन्होंने आरोपी छात्र के परिजनों से शिकायत की तो उन्होंने भी धमकी दी और भगा दिया। जब वह थाने में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे तो आरोपी युवक अस्पताल में भर्ती हो गया और कहा कि उसे पीटा गया है। साथ ही उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। रात में आरोपी पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर मारपीट करते हुए तोड़फोड़ कर दी। जिसमें एक छात्रा के अपहरण की कोशिश की।