मेरठ। एसएससी की परीक्षा से बचने के लिए दसवीं का छात्र घर छोड़कर चला गया। घर पर छोड़ी चिट्ठी में लिखा कि कामयाब बनकर लौटेगा। दिनभर परिवार के लोग परेशान रहे। पुलिस को सूचना भी दी। हालांकि शाम को उसके दोस्त के पिता उसे लेकर घर पहुंचे।
मेडिकल थानाक्षेत्र की पॉश कॉलोनी निवासी एक व्यापारी का बेटा दसवीं का छात्र है। शुक्रवार सुबह 10:40 बजे छात्र घर पर एक चिट्ठी छोड़कर चला गया। उसमें लिखा कि प्लीज मुझे ढूंढने की कोशिश मत करना। मैं जब कामयाब हो जाऊंगा तो खुद ही लौट आऊंगा। मैं घर के इस माहौल में नहीं रह सकता। परिजनों ने काफी तलाश के बाद मेडिकल थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। रात आठ बजे छात्र को उसके एक दोस्त के पिता लेकर घर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि छात्र ने एसएससी का फार्म भरा था। वह परीक्षा नहीं देना चाहता था। इसके चलते वह घर से चला गया था। मेडिकल पुलिस ने भी छात्र और परिजनों से बातचीत की।