कंकरखेड़ा। खिर्वा रोड स्थित एक इंस्टीट्यूट में शुक्रवार को बाहरी युवकों ने घुसकर इंस्टीट्यूट के एक छात्र के साथ मारपीट कर दी। युवकों ने कॉलेज में फायरिंग करते हुए गार्डों और अन्य छात्रों के साथ भी मारपीट की। डायरेक्टर ने आरोपी छात्रों के खिलाफ तहरीर दी है।
मामला खिर्वा रोड स्थित ज्ञान भारती इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज का है। इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर वैभव गर्ग ने बताया शुक्रवार को अचानक हथियारों से लैस कुछ युवक इंस्टीट्यूट में आ धमके। यहां युवकों ने ग्रेजुएशन कर रहे छात्र अंकुश पुत्र राजकुमार निवासी शाहपुर जैनपुर के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। जब गार्डों और अन्य छात्रों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो युवकों ने उनके साथ भी मारपीट करते हुए दो राउंड फायर कर दिए। फायरिंग से छात्रों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर डायरेक्टर वैभव गर्ग और प्रबंधक वीरेंद्र गर्ग वहां पहुंचे तो युवकों ने उनके साथ भी अभद्रता की। इसके बाद युवक मौके से फरार हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। वैभव गर्ग ने इस मामले में दो नामजद और चार अज्ञात युवकों के खिलाफ तहरीर दी है। इंस्पेक्टर बीपी राणा का कहना है कि कॉलेज की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवकों की तालाश की जा रही है।