स्कूल की छत से गिरकर छात्र की मौत
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरनगर में कयामपुर गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय की छत पर खेलते समय एक छात्र की नीचे गिरकर मौत हो गई। परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर स्कूल की चारदीवारी कराने की मांग को लेकर हंगामा किया। एसडीएम सदर कन्हई सिंह और थाना प्रभारी जीसी शर्मा ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाकर शांत किया।
पढ़ें : मौसी-भांजे की गर्दन काटकर हत्या, शवों को देख कांप गई अफसरों की रूह
शुक्रवार को ब्लॉक के गांव कयामपुर में कक्षा छह का छात्र शाकिब पुत्र मुरसलीन मध्याह्न अवकाश में खेलते वक्त पीछे के रास्ते से छत पर चढ़ गया। अचानक पैर फिसल जाने के कारण छात्र नीचे जमीन पर गिर गया। उसके साथियों ने घायल छात्र को उसके घर भिजवा दिया, लेकिन सिर में गुम चोट आने के कारण उसने कुछ देर बाद दम तोड़ दिया। उसके बाद परिजन बच्चे के शव को लेकर स्कूल पहुंच गए। उन्होंने स्कूल की चाहरदीवारी कराने, स्कूल के पास हरे तालाब को बंद कराने, दोनों स्कूलों में कोई महिला अध्यापक की तैनाती नहीं करने की मांग की।आरोप था कि गिरने के दौरान विद्यालय में मौजूद शिक्षक ने घायल बच्चे को देखने में कोई रुचि नहीं ली, बल्कि मोबाइल फोन पर लगे रहे।
हादसे के बाद शिक्षक को संवेदनशील होना चाहिए था। ग्रामीणों ने लापरवाही का आरोप लगाया। कई घंटे तक स्कूल प्रांगण में हंगामा होता रहा। थाने से दरोगा मौके पर पहुंचे, लेकिन ग्रामीण संतुष्ट नहीं हुए। करीब दो घंटे बाद एसडीएम सदर और थाना प्रभारी और जिला पंचायत सदस्य राकेश वशिष्ठ ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मांगों का समाधान कराने का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया। परिजनों ने मामले में पुलिस कार्रवाई से इंकार कर दिया। उधर, दूसरी ओर प्रधानाध्यापक मेहरबान अली ने बताया कि लंच ब्रेक में वह खाना खा रहे थे। बच्चा कब छत पर चढ़ा, मालूम नहीं चल पाया। इस प्रकरण में विद्यालय के स्टाफ की कोई लापरवाही नहीं है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/