मेरठ। बेगमपुल चौराहे को जाम मुक्त बनाने के लिए रविवार से नई व्यवस्था लागू कर दी गई। ई-रिक्शा और ऑटो को बेगमपुल पर नहीं दौड़ने दिया गया। विभागीय अफसरों ने दावा किया है कि जल्द कुछ और बदलाव देखने को मिलेंगे।
चौराहों को जाम मुक्त बनाने के लिए ट्रैफिक विभाग ने ‘नो टेंपो जोन’ प्लान तैयार किया। प्लान के तहत पहले चरण में बेगमपुल चौराहे को जाम मुक्त बनाने का फैसला लिया गया है। नियम को लागू कराने के लिए पांच टीम बनाई गई है। तय किया गया कि किसी भी रूट से आने वाला टेंपो और ई रिक्शा बेगमपुल चौराहे को पार नहीं करेगा। इसके लिए ट्रैफिक विभाग पिछले तीन दिन से काम भी कर रहा था। विभाग ने सभी रूटों पर ई-रिक्शा और ऑटो स्टैंड के अलावा ऑटो-ई रिक्शा प्रतिबंधित रूट और ऑटो-ई रिक्शा फ्री जोन वाले बोर्ड लगाए हैं। रविवार को प्लान का पहला दिन रहा। ई रिक्शा और टेंपो चौराहे के आसपास भी दिखाई नहीं दिया। जीरो माइल, दयानंद रोड, पीएल शर्मा रोड के अलावा सोतीगंज कट पर ट्रैफिक की टीम मौजूद रही और ई-रिक्शा व टेंपो को निर्धारित रूटों को डायवर्ट किया। एसपी यातायात राघवेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि यदि कोई ऑटो और ई-रिक्शा बेगमपुल पर आता दिखाई दिया तो सीज किया जाएगा।