दौराला (मेरठ)। सिवाया टोल के बराबर से गंगानगर को निकलने वाले रजबहा मार्ग पर मंगलवार देर रात हुई 1.37 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया। रुपये ठेकेदार के नहीं, बल्कि युवक के मामा के थे। साथ ही रुपये ठेकेदार के बताते हुए उसने पुलिस को लूट की सूचना दी थी। जबकि युवक से लूट नहीं हुई। उसने अपने दोस्त को पैसे दिए थे।
हापुड़ निवासी अंकुर ने मंगलवार देर रात बाइक सवार दो बदमाशों द्वारा 1.37 लाख रुपये लूटे जाने की सूचना पुलिस को दी थी। पूछताछ में अंकुर ने पुलिस को बताया था कि वह ठेकेदार सचिन के रुपये लेकर जा रहा था। पुलिस शुरू से ही इस मामले को संदिग्ध मान रही थी। देर रात सीओ अभिषेक पटेल ने युवक से सख्ती से पूछताछ की तो उसने सच उगल दिया।
अंकुर ने बताया कि वह मेरठ निवासी अपने मामा डॉ. संजीव कुमार के रुपये लेकर खतौली से आया था। दौराला पहुंचने पर उसने अपने एक दोस्त को रुपये दे दिए और मामा की डांट से बचने के लिए पुलिस को लूट की झूठी सूचना देकर ठेकेदार सचिन के रुपये होने की बात कही। दौराला थाना प्रभारी संजय कुमार शर्मा ने बताया कि अंकुर अपने मामा की लैब पर काम करता है। युवक अपने मामा का भुगतान खतौली से लाया था। युवक ने ही भुगतान अपने दोस्त को देकर लूट की कहानी बनाई। परिजनों के माफी मांगने पर उच्चाधिकारियों के आदेश पर पुलिस ने युवक को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।