सरधना। थाना क्षेत्र के गांव मंढियाई में सोमवार रात मामूली कहासुनी के बाद बंजारा बस्ती में दो पक्ष आमने-सामने आ गए। इनके बीच जमकर पथराव हुआ, जिसमें चार लोग घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से एक युवक की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी यूसुफ पुत्र बाबू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बस्ती के कुछ लोगों से उनका विवाद चल रहा है। इसी रंजिश में सोमवार रात एक युवक की मदद करने की बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विरोधी पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट कर दी। शोर सुनकर परिजन और अन्य लोग बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो आरोपियों ने पथराव शुरू कर दिया। करीब 15 मिनट तक दोनों पक्षों के बीच पथराव होता रहा, जिससे बस्ती में अफरा-तफरी मच गई।
घटना में यूसुफ समेत उसके परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए। घायल थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी देकर नामजद तहरीर दी। पुलिस ने सभी घायलों का सीएचसी में चिकित्सकीय परीक्षण कराया। चिकित्सकों ने यूसुफ की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रहीशु, स्वालीन और आसिफ के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।