करनावल में पथराव-फायरिंग
सरूरपुर। कस्बा करनावल में शनिवार शाम में कुछ लोगों द्वारा मकान कब्जाने को लेकर हमला बोल दिया। दर्जनभर लोगों ने जमकर पथराव और फायरिंग करके मकान खाली करने का दबाव बनाया। हालांकि, इस दौरान पीड़ित पक्ष ने एक हमलावर को दबोच लिया। उसकी धुनाई कर पुलिस को सौंप दिया। इस संबंध में पीड़ित पक्ष की ओर से कई लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
कस्बा करनावल में रामपुर मोती मार्ग स्थित वीरेंद्र पुत्र धर्मपाल के मकान पर दर्जनभर हथियारबंद लोगों ने धावा बोल दिया। वे कब्जा करने की नीयत से आए थे। उन्होंने पथराव और फायरिंग कर दी। जिसमें परिवार के लोग बाल-बाल बचे। इस दौरान पीड़ित पक्ष ने साहस दिखाते हुए एक हमलावर को धर दबोचा। पीड़ितों ने बताया कि पकड़े गए हमलावर की जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। जहां उसने अपने अन्य फरार साथियों के नाम पुलिस को बताए हैं।
इस संबंध में थाने में पीड़ित वीरेंद्र की ओर से पकड़े गए आरोपी अमर पुत्र सुभाष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कस्बे के ही सुनील, अंकित व प्रमोद के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है।