परीक्षितगढ़(मेरठ)। एक माह पूर्व बिहार के जिला गोपालगंज में चोरों ने तीन मोबाइल शोरूम के शटर काटकर करीब 400 मोबाइल फोन व सात लाख की नकदी चोरी कर ली थी। रविवार को बिहार पुलिस सर्विलांस के जरिए परीक्षितगढ़ के ललियाना गांव पहुंची। यहां दो आरोपियों से 45 मोबाइल बरामद कर दोनों को अपने साथ ले गई।
जानकारी के मुताबिक पिछले माह सात अगस्त की रात जिला गोपालगंज में चोरों ने तीन मोबाइल शोरूम को निशाना बनाया था। चोरों ने शटर काटकर करीब 400 मोबाइल फोन, सात लाख की नकदी व अन्य सामान चोरी कर लिया था। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। गोपालगंज पुलिस चोरों की तलाश में जुटी थी। इस मामले में आरोपियों ने चोरी किए मोबाइल में से एक फोन गांव सौदत्त निवासी रिश्तेदार को बेच दिया। रिश्तेदार ने सिम डालकर फोन चालू किया तो पुलिस ने उसे ट्रैक कर किया। जिसके आधार पर बिहार पुलिस ने पहले रिश्तेदार को दबोचा। उससे पूछताछ के बाद पुलिस रविवार को थाना परीक्षितगढ़ पहुंची। यहां थाना पुलिस की मदद से गांव ललियाना से दो युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने युवकों से 45 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। वहीं, इस मामले में गांव बहरोड़ा और एक अन्य गांव के युवक घटना में शामिल होने बताए जा रहे है। पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई।