देहात में कट रहे चोरी-लूट के वाहन, सोतीगंज में डीलिंग
मेरठ। सोतीगंज के कबाड़ियों का नेटवर्क देहात में भी फैला हुआ है। देहात में भी चोरी-लूट के वाहन खूब काटे जा रहे हैं जिनकी डीलिंग भी सोतीगंज में होती है। मवाना पुलिस द्वारा इंजन-चेसिस नंबर बदलने वाले सात लोगों की गिरफ्तारी के बाद पोल खुली। इसके बावजूद पुलिस चुप्पी साधे बैठी है।
चोरी-लूट के वाहन सोतीगंज के अलावा मवाना, परीक्षितगढ़ किठौर भावनपुर खरखौदा समेत कई जगहों पर काटे जा रहे हैं। शनिवार को एसपी देहात केशव कुमार ने पुलिस लाइन में प्रेस वार्ता कर चोरी की गाड़ियों के इंजन-चेसिस नंबर बदलने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया था, जिसमें 7 लोगों की गिरफ्तारी हुई थी। प्रेस वार्ता में बताया गया था कि इस गिरोह का कनेक्शन भी सोतीगंज के कबाड़ियों से जुड़ा हुआ है।
पुलिस ने जांच पड़ताल की तो पता चला कि सोतीगंज से जुड़े कई कबाड़ी अब देहात में चोरी और लूट के वाहन काट रहे हैं जिनकी डीलिंग तो सोतीगंज में ही होती है। जिसमें सोतीगंज के पांच कबाड़ी के नाम पुलिस की जांच में सामने आए हैं। पुलिस दावा कर रही कि सोतीगंज के पांचों कबाड़ी जल्द गिरफ्तार भी होंगे। अब कबाड़ियों के खिलाफ सबूत जुटाने पुलिस ने शुरू कर दिए हैं। जिनमें कई कबाड़ियों ने देहात इलाके में वाहनों की मरम्मत के बहाने गेराज तक खोले हुए हैं।
चोरी के वाहनों के पार्ट्स सोतीगंज में ही बिकते
दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान व गुजरात समेत कई राज्यों से चोरी हुए वाहन मेरठ में आते हैं। उक्त चोरी लूट के वाहन शहर या देहात में काटे जाएंगे, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। क्योंकि सभी वाहनों के पार्ट्स सोतीगंज में बिकने के लिए आते हैं। किसी भी बड़ी दुकान पर भले ही लग्जरी गाड़ी या फिर दो पहिया वाहन के पार्ट्स नहीं मिलें, लेकिन सोतीगंज में हर पार्ट्स मिलेगा। सोतीगंज में गाड़ी का नाम पूछते है और उसका पार्ट्स उपलब्ध करा दिया जाता है।
जानकर भी अंजान बनी बैठी मेरठ पुलिस
सोतीगंज पर शिकंजा कसने के लिए सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने मुख्यमंत्री योगी को चिट्ठी लिखी थी। इसके बावजूद भी मेरठ पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। चोरी व लूट के वाहन काटने वाले कबाड़ियों का नेटवर्क फैला हुआ है। इसकी जानकारी पुलिस को भी है। इसके बावजूद पुलिस अनजान बनी बैठी है। सोतीगंज के शातिर कबाड़ी राहुल काला और मन्नू कबाड़ी पर गैंगस्टर की कार्रवाई हुई है लेकिन उनकी गिरफ्तारी भी पुलिस नहीं कर पाई है।
अभियान जारी है
एसएसपी अजय साहनी का कहना है कि सोतीगंज के कबाड़ियों पर शिकंजा कसने के लिए अभियान जारी है। सोतीगंज के कबाड़ी राहुल काला व मन्नू कबाड़ी पर गैंगस्टर की कार्रवाई हो चुकी है। दोनों की गिरफ्तारी के प्रयास चल रहे हैं। मवाना में इंजन और चेचिस नंबर बदलकर चोरी की गाड़ी बेचने का खुलासा होने के बाद पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।