बागपत, रोहतक व अन्य संस्करणों के ध्यानार्थ...
- आर्मी अस्पताल से पहले युवकों का इंतजार कर रहा था बागपत निवासी राहुल
- पांच फर्जी प्रवेश पत्र, अग्निवीर अभ्यार्थियों की फर्जी चयनित लिस्ट बरामद
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। एसटीएफ ने भारतीय सेना में भर्ती कराने के नाम पर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह एक सदस्य गांव हेवा, थाना छपरौली जिला बागपत निवासी राहुल कुमार गिरफ्तार किया है। आरोपी को सदर बाजार थाना क्षेत्र के छावनी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से भारतीय सेना के पांच फर्जी प्रवेश पत्र, अग्निवीर अभ्यार्थियों की फर्जी चयनित लिस्ट, दो मोबाइल फोन और एक बैगनार कार बरामद हुई है। गिरोह के तीन अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। इस संबंध में एसटीएफ के निरीक्षक सुनील कुमार की ओर से सदर बाजार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
एसटीएफ मेरठ यूनिट के एएसपी बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक गिरोह सेना में भर्ती कराने के लिए अभ्यार्थियों से मोटी रकम लेकर फर्जी तरीके से भर्ती कराने में लगा है। सर्विलांस व आर्मी इंटलिजेंस मेरठ से जानकारी मिली थी कि राहुल कुमार आर्मी में भर्ती कराने के नाम पर धोखाधड़ी करता है। शुक्रवार देर शाम को वह कुछ युवकों को आर्मी अस्पताल मेरठ में वैगनआर कार से लेकर आया है। जिस पर एसटीएफ की टीम ने आर्मी अस्पताल से पहले तेल डिपो के पास खड़े राहुल को हिरासत में ले लिया। आरोपी अपने साथी के आने का इंतजार कर रहा था।
एएसपी ने बताया कि राहुल ने पूछताछ करने पर बताया कि वह युवकों को सेना में भर्ती कराने के नाम पर बहला-फुसलाकर उनसे पैसे लेकर अपने साथी राजू पटेल निवासी बिहार, सुमित पुत्र सोहनलाल निवासी हेवा तथा सोमवीर पुत्र मदनलाल निवासी बिडवाली थाना सदर जनपद रोहतक हरियाणा के माध्यम से फर्जी भर्ती कराकर ठगी करता है। टीम उसके अन्य साथियों की तलाश में लगी है।
-
नोएडा में भी पकड़े गए थे
मेरठ। एएसपी बृजेश कुमार सिंह के अनुसार पूछताछ में राहुल ने बताया कि राजू पटेल से उसकी मुलाकात होशियार सिंह निवासी मथुरा ने गाजियाबाद में कराई थी। बताया था कि ठगी के धंधे में काफी कमाई है। कुछ दिन के बाद होशियार सिंह ने उसकी मुलाकात सोमवीर से कराई तथा ग्रुप डी में लड़के उपलब्ध कराने को कहा। एक युवक पर 50 हजार रुपये मिलते हैं। ग्रुप डी की परीक्षा के दौरान ये सब नोएडा पुलिस द्वारा पकड़े गए और जेल चले गए।
जेल से बाहर आने के कुछ दिनों बाद सोमवीर पुनः राहुल से मिला और आर्मी में लड़के भर्ती कराने के लिए कहा। राजू पटेल कोलकाता में भर्ती के नाम पर ठगी का धंधा करता है और सोमवीर ने उनसे बात कराई। राजू पटेल ने राहुल से कहा कि लडकों से मेरी सीधी बात कराओ मैं प्रति युवक 50 से 60 हजार रुपये दूंगा। इस पर राहुल ने अपने साथियों के साथ मिलकर राजू पटेल को लड़के उपलब्ध कराए। राजू पटेल ने चयनित अभ्यार्थियों को रेलवे स्टेशन मेरठ पर आकर चयनित लिस्ट ले जाने को कहा था, क्योंकि उसे सुबह जल्दी लखनऊ जाना था। राहुल उसका इंतजार कर रहा था, तभी एसटीएफ ने उसे पकड़ लिया।
-