रोहटा। थाना क्षेत्र के गांव शाहपुर जैनपुर में रविवार रात चोरों ने एक मकान से हजारों रुपये तथा सोने-चांदी के जेवरात आदि चोरी कर लिये। इस संबंध में पीड़ित की ओर से अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
शाहपुर जैनपुर निवासी शैलेंद्र पुत्र राजवीर गांव के बाहरी छोर स्थित अपने मकान में सोए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने कमरे के गेट का ताला तोड़कर अलमारी एवं संदूक में रखे बाइस हजार रुपये तथा सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिये। परिजनों को वारदात का पता सोमवार सुबह उस वक्त लगा जब अलमारी का सामान बिखरा मिला। इसके बाद पीड़ित शैलेंद्र की ओर से थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र सिंह ने बताया कि चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जल्द घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।