सहारनपुर में नागल थाना क्षेत्र के गांव भलस्वा ईशापुर में मंगलवार को असामाजिक तत्वों ने धर्मस्थल में लगी मूर्ति को खंडित कर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नई मूर्ति स्थापित कराने का आश्वासन देकर गुस्साए ग्रामीणों को शांत किया।
जानकारी के अनुसार गांव भलस्वा ईशापुर में हसनपुर रोड पर बाहर की ओर धर्मस्थल है। मंगलवार की शाम करीब पांच बजे गांव का ही हरीदास धर्मस्थल के पास घास काट रहा था। इसी बीच प्यास लगने पर वह धर्मस्थल प्रांगण में लगे नल पर पानी पीने लगा तो उसकी नजर मूर्ति पर गई, जिसके हाथ खंडित किए गए थे। उसने मामले की सूचना ग्राम प्रधान राकेश राणा व बुद्धसिंह राणा को दी। इस पर काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए व मूर्ति खंडित देख उनमें रोष पैदा हो गया।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत करते हुए बुधवार को ही नई मूर्ति स्थापित करने का आश्वासन दिया। उधर, थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जो भी इसमें शामिल हुआ उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गांव का माहौल खराब करने वाले तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/