भद्रकाली मंदिर पर संबोधित करते राज्य मंत्री दिनेश खटीक स्रोत संवाद
हस्तिनापुर। क्षेत्र के अकबरपुर इच्छाबाद के समीप मध्य गंग नहर किनारे स्थित मां भद्रकाली सिद्धपीठ मंदिर जल्द ही भव्य रूप में नजर आएगा। इसके जीर्णोद्धार के लिए राज्य मंत्री दिनेश खटीक ने मंदिर कमेटी के साथ भूमि पूजन किया।
भद्रकाली सिद्ध पीठ मंदिर पर आषाढ़ और माघ महीने में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ को देखते हुए मंदिर कमेटी ने मंदिर को और अधिक बड़ा और भव्य बनाने का निर्णय लिया। बुधवार को मंदिर प्रांगण में कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें क्षेत्र के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। मुख्य अतिथि राज्य मंत्री दिनेश खटीक रहे। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष महकार सिंह ने कहा कि मां भद्रकाली सिद्ध पीठ मंदिर से लाखों लोगों की आस्था जुड़ी हुई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए मंदिर का जीर्णोद्धार करना अति आवश्यक है।
मुख्य अतिथि राज्य मंत्री दिनेश खटीक ने यहां बनाए जाने वाले बड़े मंदिर का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि यह मंदिर महाभारत कालीन है। मंदिर को और अधिक बड़ा और भव्य बनाया जाएगा। इंजीनियरों की टीम से मंदिर की रूपरेखा और नक्शा भी तैयार कराया गया है। उन्होंने बताया कि मंदिर को भव्य रूप देने के लिए करीब 19 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मंदिर कमेटी और उनके सहयोग से मंदिर को भव्य बनाने का काम किया जा रहा है जिसका भूमि पूजन आचार्य हरिओम शर्मा, आचार्य विकास शर्मा, जगमोहन शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार से संपन्न कराया गया। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख नितिन पोसवाल, बीर सिंह नंबरदार, दीपक गोयल, गजेंद्र मावी सहित क्षेत्र के दर्जनों ग्राम प्रधान मौजूद रहे।