एसएसपी मंजिल सैनी ने कहा, अमेरिकन बिल्ली पर चलता था हंटर वाली का हंटर
Thu, 13 Jul 2017 08:41 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, मेरठ
सार
पुलिस ने हंटर मांगा, आरोपी बोले याकूब के घर मिलेगा, कुछ अन्य छात्रों को और थमाई जाएगी टीसी, स्कूल में घुसकर गुंडागर्दी करने वालों के साथ मिले थे ये विद्यार्थी, - पुलिस ने वांरट के लिए कोर्ट में अर्जी लगाई, अपेक्षित सहयोग ना देने पर स्कूल प्रशासन को नोटिस, मामले में पुलिस ने दो ओर आरोपी गिरफ्तार, अब तक छह की गिरफ्तारी, मेन विंग से तीन छात्र एमपीजीएस से एक छात्रा को दिखाया बाहर का रास्ता
पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी की बेटी आसमां का यह हंटर अमेरिकन बिल्ली पर चलता था। एसएसपी की पूछताछ में आरोपी तनवीर व शहजाद ने हंटर के बारे में बताया। पुलिस ने आरोपी से पूछा कि हंटर कहां है तो आरोपी बोले कि याकूब कुरैशी के घर पर मिल जाएगा। एसएसपी मंजिल सैनी दोपहर को सदर बाजार थाने पहुंची। जहां पर एसएसपी ने आरोपी तनवीर और शहजाद से खुद पूछताछ की है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में दोनों आरोपियों के चेहरे साफ दिख रहे है। याकूब कुरैशी की बेटी आसमां हंटर लेकर आगे चल रही है। उसके पीछे चार-पांच बच्चे, दो महिलाएं समेत दर्जनों लोग चल रहे है। फुटेज से मिलान करने के बाद एसएसपी ने दोनों आरोपियों ने हंटर के बारे में पूछा।
विज्ञापन
जिस पर आरोपियों बोले कि आसमां मैडम के पास एक अमेरिकन बिल्ली है। उसी बिल्ली पर यह हंटर चलता है। आसमां मैडम जब स्कूल में आयी तो एक बालक हंटर को उठाकर ले आया था। आसमां ने हंटर बालक से लेकर अपने हाथ में पकड़ा था। एसएसपी ने आरोपियों से पूछा कि क्या तुम्हारी मैडम बिल्ली को हंटर से पीटती है। जिस पर वह चुप हो गए। एसएसपी ने आरोपियों से पूछा कि छात्राओं और शिक्षिकाओं पर हंटर क्यों चलाया। आरोपी बोले, मैडम गुस्से में थी। उनकी बेटी से स्कूल में अभद्रता हुई थी। उन्होंने एक छात्रा को धमकाया तो था, लेकिन हंटर नही मारा। मारपीट का आरोप गलत है। एसएसपी ने पूछा कि तुम लोग आसमां के साथ क्यों आए। वह बोले कि मैडम की सुरक्षा में रहते हैं।
एसएसपी मंजिल सैनी ने बताया कि जो सीसीटीवी फुटेज मिली है उसमें स्कूल में एक महिला कुछ महिलाओं और लड़कों के साथ स्कूल में घुस रही है। उसके हाथ में हंटर जैसी कोई चीज है। एक छात्रा के परिवार और स्कूल की तरफ से मुकदमा लिखाया गया है। सभी आरोपी को अज्ञात बताया गया है। सीसीटीवी फुटेज देखकर महिला की पहचान हो गई है। सभी आरोपी पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी के परिवार से हैं। हंटर लेकर स्कूल में गई महिला याकूब कुरैशी की बेटी है। उसकी गिरफ्तारी के लिए गैर जमानती वारंट मांगा गया है।
विज्ञापन
गिरफ्तार होगी हंटर वाली महिला, गुंडा एक्ट भी लगेगा
मेरठ पब्लिक गर्ल्स स्कूल में घुसकर छात्राओं, शिक्षिकाओं की हंटर से पिटाई और गुंडागर्दी के मामले में पुलिस ने दो ओर लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी मंजिल सैनी ने कहा कि हंटर वाली महिला की हर हाल में गिरफ्तारी होगी। उसके लिए कोर्ट से गैर जमानती वारंट मांगा गया है। पुलिस को सहयोग नहीं करने के लिए एसएसपी ने स्कूल को भी नोटिस जारी किया है। बकौल एसएसपी आरोपियों पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई भी होगी। एसएसपी ने बताया कि जो सीसीटीवी फुटेज मिली है उसमें एक महिला कुछ महिलाओं और लड़कों के साथ एमपीजीएस में घुस रही है। उसके हाथ में हंटर जैसी कोई चीज है। पीड़ित छात्रा के परिवार और स्कूल की तरफ से मुकदमा लिखाया गया है। सभी आरोपी को अज्ञात बताया गया है। सीसीटीवी फुटेज देखकर महिला की पहचान हो गई है। सभी आरोपी पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी के परिवार से हैं। हंटर लेकर स्कूल में गई महिला याकूब कुरैशी की बेटी है। उसकी गिरफ्तारी के लिए गैर जमानती वारंट मांगा गया है।
गुंडा गर्दी की है, गुंडा एक्ट भी लगेगा
चाबुक वाली कैमरे में कैद
एसएसपी ने कहा कि छात्राओं के स्कूल में युवकों को लेकर घुसना ,मारपीट और बदसलूकी करना बेहद गंभीर मामला है। इस तरह की गुंडागर्दी नहीं चलने दी जाएगी। इस मामले को पुलिस बेहद गंभीरता से ले रही है और इसमें गुंडा एक्ट में भी कार्रवाई होगी। मंजिल सैनी ने बताया कि स्कूलों की सुरक्षा के लिए पुलिस गंभीर है, जल्द ही स्कूलों की सुरक्षा के लिए प्रधानाचार्यों की बैठक बुलाई जाएगी।
बुधवार को भी पुलिस ने लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के रशिदनगर में दबिश देकर तनवीर आजम पुत्र हसमुद्दीन और विकासपुरी निवासी शहजाद पुत्र नसीरूद्दीन को गिरफ्तार किया है। उनसे पूछताछ में भी कई और नामों की पुष्टि हुई है। मंगलवार को भी पुलिस ने दबिश देकर एक नाबालिग सहित चार की गिरफ्तारी की थी। जिसमें से तीन जेल जा चुके हैं। एसएसपी के अनुसार इस मामले में पीड़ित पक्ष और स्कूल प्रशासन दोनों कीओर से ही उपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा था । सहयोग ना करने पर स्कूल प्रशासन को नोटिस जारी किया गया है। हालांकि अब स्कूल सहयोग कर रहा है। एसएसपी ने बताया कि पुलिस घटना के सभी आरोपियों की गिरफ्तारी करेगी।
आरोपियों के बचाव के रास्ते बंद कर रही पुलिस
स्कूल का ये चर्चित मामला शासन तक पहुंच चुका है। भाजपाइयों ने ट्विटर और अन्य माध्यमों से ये मामला सीएम तक भी पहुंचा दिया है। लिहाजा पुलिस भी अब इस मामले में कोई चूक नहीं करना चाहती। सूत्रों के अनुसार पुलिस को अंदर खाने इस बात की सूचना मिल रही थी कि पीड़ित पक्ष पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। पुलिस को आशंका थी कि कहीं पीड़ित पक्ष दबाव में कमजोर ना पड़ जाए, इसी वजह से पुलिस ने मंगलवार को स्कूल प्रशासन की तहरीर आते ही तुरंत एक ओर मुकदमा दर्ज कर लिया और उच्चाधिकारियों और शासन में बात करने के बाद ही रात को ही पूर्व मंत्री के यहां दबिश दी गई । तीनों आरोपियों को रातों रात कोर्ट पेश किया गया और जेल भेज दिया गया। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने स्कूल की तहरीर पर अलग मुकदमा इसलिए लिखा कि पीड़ित पक्ष द्वारा सुलह करने के बाद भी स्कूल प्रशासन के मुकदमे पर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई हो सके और आरोपी पक्ष के लिए बचाव की कोई गुंजाइश ना रहे।
नगमा केस की तरह आसमां पर भी फौरी कार्रवाई
आपराधिक मामलों में लिप्त बड़े घराने की बहू-बेटी पर खाकी की खास मेहरबानी है। उन्हें गिरफ्तार करने में पसीने छूटने लगते है। शायद यही वजह है कि याकूब कुरैशी की बेटी आसमां पत्नी सद्दाम की गिरफ्तारी करने में पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी कांप रहे है। कागजी कार्रवाई कर पुलिस खानापूर्ति करने में जुट गई है। नामजद आसमां के खिलाफ सुबूत है और फिर भी पुलिस उसको गिरफ्तार करने का प्रयास नहीं किया जा रहा है। पुलिस ट्रिपल मर्डर के मुख्य आरोपी हाजी इजलाल की पत्नी नगमा की तरह ही आसमां को बचाने में जुटी है। नगमा पर गोकशी कराने का आरोप है, पुलिस ने कुर्की की खोखली कार्रवाई कर चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी। ठीक उसी तर्ज पर याकूब की बेटी आसमां को बचाने में पुलिस कानूनी दांव खेल रही है। पुलिस ने आसमां के खिलाफ गैर वारंट लेने की अर्जी कोर्ट में दाखिल कर दी। सवाल उठता है कि क्या वाकई आसमां को गिरफ्तार करने में मेरठ पुलिस फेल हो गई। पुलिस ने आसमां की तलाश में अभी तक एक बार दबिश नहीं दी। आसमां फोन पर लगातार बात कर रही है, जिससे पुलिस ने सुना है। पुलिस को जानकारी भी है कि वह कहां है, इसके बावजूद जानबूझकर उसको गिरफ्तार नहीं किया जा रहा।
बड़ा बखेड़ा हो जाएगा
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि आसमां को गिरफ्तार करने में बड़ा बखेड़ा खड़ा हो सकता है। इस डर से पुलिस ने याकूब कुरैशी से एक बार भी आसमां का जिक्र नहीं किया। सीसीटीवी कैमरे में आसमां कैद है। उसने छात्राओं व शिक्षिकाओं पर हंटर चलाकर अभद्रता भी की। इस बाबत उसके खिलाफ दो मुकदमे सदर बाजार थाने में दर्ज भी है। लेकिन पुलिस फौरी कार्रवाई करके पल्ला झाड़ने में लगी है।
नहीं हुई थी नगमा पर कार्रवाई
मेरठ पब्लिक स्कूल
इजलाल की पत्नी नगमा के खिलाफ 2015 में खरखौदा थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। उनकी फैक्ट्री से दस कुंतल गोमांस होने की पुष्टि हुई थी। इस मुकदमे में नामजद आठ आरोपी कोर्ट से स्टे ले आए, लेकिन नगमा को स्टे नहीं मिला था। पुलिस ने साठगांठ कर नगमा के घर की गुपचुप तरीके से कुर्की की कार्रवाई दर्शाकर मुकदमे में चार्जशीट लगा दी। कागजों में नगमा वांटेड है, लेकिन पुलिस उसको मानो भूल गई।
एमपीजीएस प्रकरण चार छात्रों को और मिली टीसी
मेरठ पब्लिक गर्ल्स स्कूल में घुसकर गुंडागर्दी करने वाली घटना में चार विद्यार्थियों को एमपीएस ग्रुप ने बाहर का रास्ता दिखा दिया है। एमपीएस मेन विंग ने वीडियो फुटेज देखकर अपने यहां के छात्रों की पहचान कर उन्हें टीसी थमा दी है। तीनों छात्रों ने सोमवार को गर्ल्स विंग में हंटर वाली महिला के साथ जाकर उपद्रव मचाया था। स्कूल प्रबंधन ने तीनों छात्रों की पहचान वीडियो फुटेज से कर ली। तीनों छात्र पूरी घटना में शामिल थे। वहीं गर्ल्स विंग से आठवीं कक्षा की एक छात्रा को भी टीसी थमा दी है। इस छात्रा ने हंटर वाली महिला व उसके साथ आए युवकों को क्लास का रास्ता दिखाया। इन लोगों को क्लास में ले जाकर पीड़िता छात्रा का नाम बताकर उसकी पहचान कराई। इस छात्रा को भी स्कूल ने टीसी थमा दी है। यह छात्रा भी आरोपी छात्राओं के परिवार से ताल्लुक रखती है। इसी छात्रा की छोटी बहन इसी स्कूल में छठवीं कक्षा में पढ़ती है, स्क्ूल उसे भी बाहर का रास्ता दिखाने की तैयारी में हैं। वहीं एमपीएस मेन विंग से जिन तीन छात्रों को निकाला गया है उन तीनों छात्रों के फार्म डिटेल के अनुसार, ये तीनों छात्र आरोपी छात्राओं के परिवार से जुड़े हैं। तीन लड़कों मे ंसे दो लड़के सगे भाई बताए जा रहे हैं, जो हंटर वाली महिला के बेटे भी हो सकते हैं। दोनों लड़कों के माता-पिता का नाम आशमा व शादाब है। हंटर वाली महिला का नाम भी आशमा है। निकाले गया तीसरा छात्र संजीदा और याकूब का पुत्र है। मेन विंग के प्रिंसिपल संजीव अग्रवाल ने बताया कि निकाले गए तीनों छात्र अटेंडेंस रजिस्टर में घटना वाले दिन अनुपस्थित मिले हैं। वीडियो फुटेज से इनका चेहरा भी मिलान हुआ है। इनके अलावा तीन अन्य छात्रों की पहचान भी वीडियो से हुई है। ये तीनों छात्र स्कूल से पहले ही टीसी ले चुके हैं। इनके पास स्कूल यूनिफार्म थी जिसका उन्होंने गलत फायदा उठाकर घटना को अंजाम दिया। स्कूल वीडियो देखकर दो छात्रों क ो और चिन्हित कर रहा है।
छात्राओं में अभी भी दहशत
सोमवार को घटी इस घटना के बाद छात्राओं में अभी भी दहशत का माहौल है। पीड़ित छात्राएं और क्लास टीचर स्कूल नहीं आ रही हैं। अन्य छात्राएं व उनके परिजन भी डरे सहमे हैं। इस समय छात्राओं के टेस्ट चल रहे हैं। पीड़ित छात्राएं टेस्ट देने भी नहीं आ रहीं।
सुरक्षा के साये में पढ़ेंगी छात्राएं
इस घटना के मेरठ पब्लिक स्कूल ग्रुप प्रबंधन और संभल गया है। ग्रुप ने अपने सभी स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ाने की योजना बनाई है। एमपीजीएस में अभी 12 कैमरे लगे हैं इनकी संख्या बढ़ाई जा रही है। बुधवार को सीसीटीवी विशेषज्ञ इस काम के लिए स्कूल भी पहुंचे। अन्य शाखाओं में भी स्कूल कैमरों व सुरक्षा गार्डों की संख्या बढ़ाने जा रहा है।
एमपीजीएस में हुई घटना के बाद बुधवार को स्कूल के बाहर पुलिस तैनात रही। छुट्टी के वक्त पुलिस की मेटाडोर भी पहुंची। सुबह स्कूल लगने के टाइम भी पुलिस बल ने जाकर सुरक्षा घेरा मजबूत किया।
स्कूलों में सिखाया जा रहा सम्मान का पाठ
एमपीजीएस प्रकरण के बाद शहर के अन्य पब्लिक स्कूलों में असेंबली में छात्रों को सम्मान की शिक्षा दी जा रही है। प्रार्थना में बच्चों क ो बताया जा रहा है कि मिलजुल कर रहें, सभी को सम्मान दें, बराबर समझे।
एमपीजीएस की प्रिंसिपल मधु सिरोही ने बताया कि आठवीं कक्षा की अन्य छात्रा को टीसी दी है। यह छात्रा झुंड को लेकर क्लास तक गई थी। इसी ने शिकायत करने वाली लड़कियों की पहचान कराई थी। इस छात्रा ने पेपर नहीं दिया बाद में आकर शिक्षिकाओं से अभद्र व्यवहार भी किया और कहा कि अब लो मेरा पेपर कौन लेता है इसलिए इसे निकाल दिया है। ऐसी अनुशासन हीन छात्राओं को स्कूल में नहीं रहने दूंगी। छात्रा को पूरा रिकार्ड मिल गया है। छात्रा ने पीड़िता को पिटवाया उसकी पहचान कराई।
आरोपियों को गिरफ्तार करो, स्कूलों की सुरक्षा बढ़ाओ
मेरठ पब्लिक गर्ल्स स्कूल (एमपीजीएस ) में हुई घटना को लेकर सहोदय से जुडे़ स्कूल प्रबंधक और प्रधानाचार्य एसएसपी से मिले। उन्होंने स्कूल में हुई घटना के आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ स्कूलों की सुरक्षा बढ़ाने का अनुरोध किया। उन्होंने एसएसपी मंजिल सैनी से कहा कि एमपीजीएस में हुई घटना के बाद वह बेहद चिंतित है। जिस ढंग से लोगों ने स्कूल में घुसकर ये वारदात की उसके बाद उन्हें भी डर लगने लगा है । ऐसे हालातों में स्कूल चलाना मुश्किल हो जाएगा। एमपीजीएस के प्रबंधक और प्रधानाचार्य ने बताया कि उनके स्कूल में गेट पर भी सुरक्षा गार्ड तैनात है। उन्होंने अंदर घुस रहे लोगों को रोकने की पूरी कोशिश की लेकिन वे अंदर घुस गए। प्रधानाचार्यों ने एसएसपी से छात्राओं के स्कूलों के आसपास सुरक्षा बढ़ाने की मांग की। स्कूल की छुट्टी के वक्त पुलिस बल लगाने का भी अनुरोध किया। सभी ने एमपीजीएस घटना के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
15 को होगी बैठक
शांति निकेतन ग्रुप के डायरेक्टर विशाल जैन ने बताया कि 15 जुलाई को पुलिस प्रशासन के साथ प्रधानाचार्यों की बैठक होगी। इस बैठक को एसएसपी मंजिल सैनी लेंगी। एसएसपी से मिलने के बाद ये यह तय हुआ है। बैठक में स्कूलों की सुरक्षा को लेकर बात होगी और योजना बनाई जाएगी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें