मेरठ। सौरभ हत्याकांड के मामले में ब्रह्मपुरी थाने के तत्कालीन एसएसआई कर्मवीर सिंह के बयान मंगलवार को दर्ज होंगे। कर्मवीर सिंह ने ही सौरभ के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया था। सौरभ की हत्या के मामले में पुलिस लगातार गवाही करा रही है। तीन मार्च की रात को ब्रह्मपुरी के इंद्रानगर में मुस्कान ने अपने प्रेमी साहिल शुक्ला के साथ मिलकर पति सौरभ की हत्या कर दी थी। शव को चार टुकड़े में बांटकर नीले ड्रम में भरकर सीमेंट से जमा दिया था। उसके बाद मुस्कान-साहिल घूमने हिमाचल प्रदेश चले गए थे। 17 मार्च को दोनों लौटे। तब सौरभ हत्याकांड का पर्दाफाश हुआ। पुलिस ने 19 मार्च को मुस्कान और साहिल को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया था। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि दो दिसंबर को एसएसआई कर्मवीर के बयान दर्ज कराए जाएंगे। कर्मवीर सिंह वर्तमान में रोहटा थाने में एसएसआई के पद पर कार्यरत हैं।