- पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। टीपीनगर थाना पुलिस और एक निजी कंपनी की जांच टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए विभिन्न नामी कंपनियों के नाम पर बेचे जा रहे कथित नकली बिजली के तार भारी मात्रा में पकड़े। पुलिस ने मौके से सरधना के खेड़ा गांव निवासी आरोपी मोहित शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को उसके कब्जे से 351 बंडल नकली तार के बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली।
आईपी इन्वेस्टिगेशन एंड डिटेक्टिव सर्विस प्राइवेट लिमिटेड के फील्ड मैनेजर ललित कुमार ने सूचना दी थी कि दिल्ली रोड स्थित टीपी नगर गेट के पास आरोपी युवक कंपनी के नकली बिजली के तार बेचने के लिए लेकर जा रहा है। सोमवार को मैनेजर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कार्रवाई के दौरान ट्रांसपोर्ट नगर रोड पर आजाद फिलिंग स्टेशन के पास सफेद प्लास्टिक के पांच कट्टों के साथ खड़े मोहित को पकड़ लिया गया। तलाशी में कई नामचीन कंपनियों के 351 बंडल कथित नकली बिजली के तार बरामद हुए। शिकायतकर्ता ने सभी सामान को संबंधित कंपनियों का डुप्लीकेट बताया। पुलिस ने उससे तार संबंधित बिल मांगे। मगर वह संबंधित कोई बिल या वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह अधिक मुनाफा कमाने के लिए इन तारों की बिक्री करता था। पुलिस ने बरामद माल को सील कर नमूने सुरक्षित कर लिए हैं। आरोपी के खिलाफ कॉपीराइट व धोखाधड़ी की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में यह भी जांच की जा रही है कि नकली तार की सप्लाई कहां से हो रही थी। सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना का कहना है कि आरोपी को नोटिस तामिल कराकर थाने से जमानत दे दी।