वीडियो बनाता देख शोहदे इन खिलाड़ियों से भिड़ गए। बस फिर क्या था, इन तीनों बेटियों ने शोहदों की खूब धुनाई की। इस दौरान शोहदों ने दुकान में रखे डंडे से बेटियों पर हमला बोला। इससे तीनों बेटियां चोटिल भी हो गईं।
शोहदों और बेटियों के बीच हो रही मारपीट को तमाशा समझकर वहां लोग तो जुटे थे। लेकिन कोई इन बहादुर बेटियों की मदद के लिए आगे नहीं आया। कुछ लोग तो मदद के बजाय मारपीट का वीडियो बनाने में लगे थे। मामला बिगड़ने पर बेटियों ने शोर मचाया। तब जाकर लोगों को पता चला कि शोहदों से लड़ने वाले तीनों युवक नहीं, बल्कि बेटियां हैं। उसके बाद लोगों का गुस्सा फूटा। लोगों ने शोहदों को सड़क पर गिराकर पीटा।
लालकुर्ती पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। लेकिन गुस्साए लोग नहीं माने। पुलिस से छीनकर दोनों शोहदों अनस और सामिर निवासी लिसाड़ी गेट की जमकर पिटाई की गई। पुलिस बार-बार दोनों को भीड़ से बचाती। लेकिन भीड़ उनको पीटती रही। पुलिस इस बात से डर रही थी कि कहीं ये मामला भीड़ हिंसा का रूप न ले ले। लोगों ने इस मारपीट का वीडियो भी बनाया।
वेस्टर्न कचहरी रोड पर अराजकता, शोहदों की दबंगई
वेस्टर्न कचहरी रोड पर बुधवार को आधा घंटा तक अराजकता का माहौल रहा। शोहदे की दबंगई देखकर छात्राएं दहशत में आ गईं। बर्थडे पार्टी मनाने वाली दोनों छात्राओं की आवाज कंफेक्शनरी से बाहर तक नहीं आ पाई। गनीमत रही कि आरजी इंटर कॉलेज की रेंजर्स टीम वहां पहुंची तो इन छात्राओं को राहत मिली। लेकिन उसके बाद आरजी कॉलेज से लेकर लालकुर्ती थाने तक जमकर बखेड़ा हुआ।