बीपीईएस, बीएससी योग, एमएससी योग और पीजी डिप्लोमा इन स्पोर्ट्स जर्नलिज्म पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए आवेदन
पंजीकरण के बाद स्पोर्ट्स स्टेडियम में हो सकती है शारीरिक दक्षता परीक्षा
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पंजीकरण चल रहे हैं। युवा 15 जुलाई तक पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण के बाद अभ्यर्थियों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा अनिवार्य होगी। यह प्रक्रिया कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगी। इसके लिए क्षेत्रीय खेल कार्यालय की ओर से भी तैयारी की जा रही है।
ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय में विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा अनिवार्य होगी। बीपीईएस, बीएससी योग, एमएससी योग और पीजी डिप्लोमा इन स्पोर्ट्स जर्नलिज्म पाठ्यक्रमों के लिए आयोजित शारीरिक दक्षता परीक्षा को 40 अंकों का वेटेज दिया जाएगा, जो अंतिम मेरिट सूची में जोड़ा जाएगा। अभ्यर्थियों को सभी परीक्षणों में भाग लेना अनिवार्य होगा और हर इवेंट में कम से कम श्रेणी-तीन का प्रदर्शन करना होगा। इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पुरुष अभ्यर्थियों को 50 मीटर दौड़ 11.3 सेकंड में पूरा करनी होगी। महिला अभ्यर्थियों के लिए 50 मीटर दौड़ पूरी करने को 12.3 सेकंड का समय मिलेगा।
इसी तरह विश्वविद्यालय ने अन्य शारीरिक दक्षता मानक निर्धारित किए हैं। बेहतर प्रदर्शन करने वाले अभ्यर्थियों को श्रेणी-दो और श्रेणी-एक में क्रमशः अधिक अंक प्राप्त होंगे, जिससे उनकी मेरिट में सुधार होगा। पुरुष अभ्यर्थियों को दौड़ के अलावा ओवरहेड बैक थ्रो में तीन किलो की गेंद को कम से कम चार मीटर फेंकना होगा। स्टैंडिंग ब्राड जंप एक मीटर और 800 मीटर दौड़ या वाक चार मिनट के भीतर पूरी करनी होगी। महिला अभ्यर्थियों को भी दौड़ के साथ ओवरहेड बैंक थ्रो में दो किलो की गेंद दो मीटर तक फेंकना होगा। स्टैंडिंग ब्राड जंप 0.6 मीटर और 800 मीटर दौड़ या वाक पांच मिनट 30 सेकंड में पूरी करनी होगी। पीजी डिप्लोमा इन स्पोर्ट्स कोचिंग पाठ्यक्रम के लिए आयोजित सामान्य शारीरिक दक्षता परीक्षा क्वालीफाइंग होगी। अभी तक 15 जुलाई तक पंजीकरण होने हैं और 20 जुलाई को शारीरिक दक्षता परीक्षा हो सकती है, हालांकि अभी पंजीकरण की तिथि को बढ़ाया भी जा सकता है। फिलहाल विवि की वेबसाइट पर अंतिम तिथि 15 जुलाई है।
इन पाठ्यक्रमों में होने हैं प्रवेश
खेल विवि की ओर से बीपीईएस (बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स) में 50 सीटों पर, बीएससी योगा (बैचलर ऑफ साइंस इन योगा ) में 40 सीटों पर, एमएससी योगा (मास्टर ऑफ साइंस इन योग) में 20 सीटों पर और डिप्लोमा इन स्पोर्ट्स जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन में 15 सीटों पर प्रवेश लिया जाएगा। बीपीईएस तीन वर्ष के लिए, बीएससी योगा तीन वर्ष, एमएससी इन योगा दो वर्ष और डिप्लोमा कोर्स एक वर्ष के लिए होगा। इच्छुक अभ्यर्थी https://sportsuniup.com पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, हॉकी, कबड्डी, कुश्ती और योग में प्रशिक्षण कार्यक्रमों का भी विस्तार किया जा रहा है। इन सभी प्रशिक्षण कोर्स में भी 15-15 सीटों पर आवेदक आवेदन कर सकते हैं। इसमें एक साल का डिप्लोमा कोर्स रहेगा।
कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में हो सकते हैं ट्रायल
खेल विवि में प्रवेश के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम के खेल मैदान में किया जा सकता है। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी जितेंद्र यादव ने बताया कि विवि प्रशासन के साथ इसे लेकर वार्ता चल रही हैं हालांकि अभी तक कोई तिथि घोषित नहीं हो पाई है।