स्टेडियम में प्रशिक्षण की अनुमति के साथ खेल कैलेंडर जारी
मेरठ। उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय ने एक अक्तूबर से खेल मैदानों और स्टेडियमों में प्रशिक्षण की अनुमति दे दी है। इसके चलते खिलाड़ियों के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। वहीं, एथलेटिक फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई ) ने भी राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, जोनल, अंतर जिला समेत अन्य खेलों का 2020-21 का कैलेंडर जारी कर दिया है। इसके साथ ही खिलाड़ियों की दिनचर्या फिर से पटरी पर लाने की जद्दोजहद शुरू हो गई है।
खेल निदेशालय ने एक अक्तूबर से प्रशिक्षण की इजाजत दी तो कैलाश प्रकाश स्टेडियम में खिलाड़ियों के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हालांकि स्टेडियम में अभी तीन स्थायी कोच की ही तैनाती है। वहीं, 14 अस्थायी कोच की नियुक्ति का इंतजार है। अप्रैल में शुरू होने वाला खेल सत्र छह महीने विलंब से शुरू होगा। महामारी के चलते खेल गतिविधियां रुकने के बाद एएफआई ने भी बृहस्पतिवार को खेल कैलेंडर जारी कर दिया। 26 एवं 27 अक्तूबर को पटियाला में पहली नेशनल ओपन थ्रोज चैंपियनशिप 2020 होगी। 21 व 22 नवंबर में ईस्ट जोन एथलेटिक्स प्रतियोगिता एवं 21 तथा 22 नवंबर मेरठ नार्थ जोन एथलेटिक्स प्रतियोगिता होगी। इसके अतिरिक्त 2020-21 में कुल 25 इवेंट होंगे। जिसमें अगले साल 30 जुलाई से 8 अगस्त तक टोक्यो में होने वाले ओलंपिक गेम्स भी शामिल हैं। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी आले हैदर ने बताया पंजीकरण के साथ खेल कैलेंडर जारी हो गया है। इससे मैदानों पर रौनक लौटेगी। जिला एथलेटिक सचिव अनु कुमार ने बताया खेलों को पटरी पर लाने का प्रयास जारी है। अक्तूबर से ही नेशनल खेल शुरू होंगे।