एलेक्जेंडर क्लब पार्टी में हुए विवाद के दौरान पुलिस के आगे हाथ जोड़ते युवक के परिजन।
- फोटो : aaa
एलेक्जेंडर क्लब की दिवाली पार्टी में बखेड़ा
मेरठ। एलेक्जेंडर क्लब में शुक्रवार देररात चल रही दिवाली पार्टी में बखेड़ा हो गया। दो पक्षों के भिड़ने से वहां अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराने का प्रयास किया तो कुछ युवक पुलिस से ही उलझ गए। पुलिस दो युवकों को थाने ले आई। एक युवक पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। मौके पर मौजूद परिजनों से पुलिस की घंटों नोकझोंक चली।
एलेक्जेंडर क्लब में हर साल दिवाली पर पार्टी का आयोजन होता है। शुक्रवार रात भी यहां पार्टी चल रही थी। संगीत की धुन पर क्लब के सदस्य और उनके परिवार पार्टी का लुत्फ उठा रहे थे। इसी दौरान सुभाष नगर निवासी युवक की पार्टी में आये पीएल शर्मा रोड निवासी से बहस हो गई। एक युवक ने दूसरे को कई थप्पड़ लगाए। इससे मामला बिगड़ गया। तभी किसी ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दे दी। सूचना पर इंस्पेक्टर सिविल लाइन अब्दुर्रहमान सिद्दीकी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। मामला उस समय तूल पकड़ गया, जब नशे में धुत कुछ युवकों ने पुलिस से धक्कामुक्की कर दी। पुलिस ने लाठी भांजते हुए भीड़ को खदेड़ दिया। पुलिस से उलझ रहे दो युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया और थाने ले आई। उनके परिजन भी थाने पहुंच गए और हंगामा कर दिया।
धक्कामुक्की में चोटिल युवक ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया। अभी थाने में हंगामा चल ही रहा था कि एक युवक पुलिस को चकमा देकर भाग गया। इसको लेकर थाने में मौजूद परिजनों व पुलिस की बहस हो गई। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में ले रखा था, जबकि परिजन उसे निर्दोष बताकर छुड़ाने का प्रयास कर रहे थे। इसी बीच भाजपा नेता कमल दत्त शर्मा भी पहुंच गए। फिलहाल पुलिस फरार युवक की तलाश में लगी है। सीओ सिविल लाइन हरिमोहन सिंह ने बताया कि हंगामे की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। लेकिन कुछ युवकों ने पुलिस से अभद्रता की। दो युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। मारपीट के आरोप निराधार हैं।