तोपखाना मैदान में चल रही है दुर्गा सिंह मेमोरियल फुटबाल प्रतियोगिता में हुए चार मैच
स्पोर्टिंग और जेनेक्स क्लब के बीच मैच बराबरी पर छूटा
फोटो समाचार
मेरठ। तोपखाना फुटबाल मैदान पर खेली जा रही दुर्गा सिंह मेमोरियल फुटबाल प्रतियोगिता में रविवार को चार मुकाबले खेले गए। इनमें स्पार्टन, चंदा और एलीट क्लब की टीम विजयी रही।
पहला मुकाबला एमवाईएफए फुटबाल क्लब और स्पार्टन क्लब, दूसरा मुकाबला मेरठ स्पोर्टिंग व जेनेक्स फुटबाल क्लब, तीसरा मुकाबला चंदा फुटबाल क्लब और एबीसीडी के क्लब और आखिरी मुकाबला एलिट क्लब और एजेक्स क्लब के बीच खेला गया। पहले मुकाबले में स्पार्टन क्लब ने 3-0 से जीत हासिल की।
दूसरा मुकाबला मेरठ स्पोर्टिंग और जेनेक्स फुटबाल क्लब के बीच खेला गया। यह मुकाबला बराबरी पर छूटा। तीसरे मुकाबले में 10वें मिनट में चंदा क्लब के वारिश और दूसरे हाफ में 30वें मिनट में वरुण भटनागर ने शानदार गोल कर चंदा क्लब को 2-0 से आगे कर दिया। चंदा क्लब ने आखिर तक अपनी यह बढ़त बनाई रखी और 2-0 से जीत दर्ज की। चौथा मैच एजेक्स फुटबाल क्लब और एलिट क्लब के बीच खेला गया। पहले हाफ में दोनों टीमें बराबरी पर रही। दूसरे हाफ में एलीट क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दो गोल किए। एलिट क्लब ने 2-0 से जीत दर्ज की।
जिला फुटबाल संघ के सचिव ललित पंत ने बताया कि पहले मैच में मैन ऑफ द मैच स्पार्टन क्लब के कृष्णा रहे। दूसरे मैच में मैन ऑफ द मैच जेनेक्स क्लब के हर्ष पुंडीर रहे। तीसरे मैच में चंदा क्लब के वारिस मैन ऑफ द मैच रहे। और चौथे मुकाबले में एलीट क्लब के विशु मैन ऑफ द मैच बने। रविवार को दूसरे मैच के मुख्य अतिथि सिविल डिफेंस वार्डन डिप्टी डिविजनल वरुण शर्मा, तीसरे मैच के मुख्य अतिथि रिटायर्ड असिस्टेंट कमिश्नर विष्णु शर्मा और उत्तराखंड के पूर्व डीएसपी सुरजीत कुमार, चौथे मैच के मुख्य अतिथि चंदा क्लब के पूर्व कप्तान राजेश यादव और चंदा क्लब के वरिष्ठ व राष्ट्रीय खिलाड़ी पवन तोमर रहे। प्रतियोगिता के दौरान निर्णायक आकाश भटनागर और सह निर्णायक सुधीर भटनागर, अर्पण रहे। इस दौरान अध्यक्ष गौरव सिंह, सहसचिव हरीश ठाकुर, वरिष्ठ राष्ट्रीय खिलाड़ी जय सिंह, वेद प्रकाश आदि रहे।