सपा नेता के भांजे और दो दोस्तों को पुलिस ने चेकिंग में रोका, हुआ हंगामा
मेरठ। हापुड़ अड्डा चौराहे पर सपा नेता इसरार सैफी के भांजे जैद और दो दोस्त सुबान व एक अन्य स्कूटी पर सवार होकर हापुड़ रोड की तरफ जा रहे थे। चौराहे पर खड़े होमगार्ड ने चेकिंग के दौरान उन्हें रोका। आरोप है कि सपा नेता के भांजे ने होमगार्ड से गाली गलौज कर दी। जानकरी मिलते ही सपा नेता इसरार सैफी भी हापुड़ अड्डा पहुंच गए और पुलिस कर्मियों से तीखी नोकझोंक हुई। पुलिस ने तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया और थाने ले गई। सीओ का कहना है कि पुलिस ने स्कूटी को सीज कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, कोतवाली थाना क्षेत्र के हापुड़ अड्डा चौराहे पर कोतवाली पुलिस बुधवार रात वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी स्कूटी सवार सपा नेता का भांजा जैद व अपने दो दोस्तों के साथ आ रहा था। होमगार्ड ने तीन सवार देखकर रोक लिया। आरोप है कि सपा नेता के भांजे की होमगार्ड से कहासुनी होने लगी। जब पुलिस कर्मियों ने समझाने का प्रयास किया तो युवक पुलिस पर रौब गालिब करने लगा। हापुड़ अड्डे पर तीनों युवकों ने हंगामा खड़ा कर दिया। जानकारी मिलते ही सपा नेता इसरार सैफी ने मौके पर पहुंचे। उनकी पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई। इसके बाद पुलिस तीनों युवकों को हिरासत में लेकर थाने पहुंची।
सीओ कोतवाली अमित कुमार राय का कहना है कि चेकिंग के दौरान युवकों को रोका गया था। होमगार्ड की कहासुनी हो गई थी। स्कूटी को सीज कर दिया गया है। तीनों युवकों परिजनों के सुुपुर्द कर दिया है।