भाकियू की पंचायत को लेकर मेरठ में भारी पुलिसबल तैनात किया गया। यहां सिवाया टोल पर पुलिस फोर्स तैनात है। पुलिस सभी वाहनों की वीडियोग्राफी कर रही है। कई प्वाइंट पर पुलिस फोर्स तैनात की गई है। साथ ही क्यूआरटी भी लगाई गई है। कंकरखेड़ा, परतापुर, मोहिद्दीनपुर, काशी टोल पर भारी संख्या में फोर्स तैनात है।
टोल प्लाजा पर तैनात रही पुलिस, भाकियू की दो गाड़ी रोकीं
भारतीय किसान यूनियन के दिल्ली कूच को लेकर शिवाय टोल प्लाजा पर पुलिस बल तैनात रहा। वहां पर भाकियू की दो गाड़ी आईं तो पुलिस ने उन्हें वापस कर दिया। इस बीच राकेश टिकैत की गाड़ी दिल्ली के लिए निकल गई।
मुजफ्फरनगर से दिल्ली जाने वाले किसानों को रोकने के लिए दौराला थाना पुलिस ओर आरआरएफ पुलिस बल दौराला सिवाया टोल प्लाजा पर तैनात रहे। पुलिस ने मुजफ्फरनगर से आने वाली सभी गाड़ियों पर निगाह रखी। मुजफ्फरनगर की तरफ से भारतीय किसान यूनियन का झंडा लगी आईं दो गाड़ियों को पुलिस ने सिवाया टोल प्लाजा पर ही रोक दिया और दोनों गाड़ियों को वापस भी कर दिया।
वहीं कुछ ही देर बाद भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत अपने साथियों के साथ मुजफ्फरनगर की तरफ से कार से सिवाया टोल प्लाजा पर पहुंचे जो दिल्ली जा रहे थे, उनके काफिले को पुलिस नहीं रोका और उनका काफिला दिल्ली की ओर रवाना हो गया। अभी भी सिवाया टोल प्लाजा पर पुलिस बल तैनात है। वहां पर एसपी ट्रैफिक ओर एडीएम सिटी को पुलिस फोर्स के साथ लगाया गया है जिससे किसान ज्यादा से ज्यादा दिल्ली कूच न कर सकें।