मेरठ। लिसाड़ी गेट में विस्फोटक सामग्री पकड़े जाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने सपा के जिला उपाध्यक्ष कय्यूम अली को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। शुक्रवार देर रात छापे के दौरान उनके मकान से 60 किलो बारूद बरामद हुआ था।
पुलिस अधीक्षक सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि लिसाड़ी गेट पुलिस को सूचना मिली थी। इस सूचना पर कय्यूम के मकान पर छापा मारा गया। पुलिस को देखते ही कमरे में मौजूद आरोपी भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर कय्यूम को पकड़ लिया। हालांकि, उसके साथ मौजूद अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। तलाशी में कमरे से लगभग 60 किलो बारूद मिला। पुलिस अधीक्षक सिटी के अनुसार, आरोपी आबादी के बीच पटाखे बनाने की तैयारी कर रहे थे।
बरामद बारूद को कब्जे में लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगा रही है कि बारूद कहां से लाया गया था और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। यहां कौन-कौन आता था, इसकी भी जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि कय्यूम को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
-
विस्फोटक सामग्री पकड़े जाने का मामला सामने आया है। इस मामले में पार्टी के नेताओं से जानकारी की जा रही है। जिसके बाद पार्टी अपना निर्णय लेगी। - कर्मवीर सिंह गुमी, सपा जिलाध्यक्ष