ढाई करोड़ का मकान कब्जाने के लिए बेटों ने बुजुर्ग मां को पीटा
मेरठ। ढाई करोड़ का मकान कब्जाने को लेकर पांच भाइयों ने एक राय होकर बुजुर्ग मां की पिटाई कर दी। शनिवार को पीड़ित मां रोते-बिलखते एसएसपी ऑफिस पहुंची और चार बेटों के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की गुहार लगाई। आरोप है कि उसके बेटे तरह-तरह से धमकाते हैं और जान से मारने की धमकी देते हैं। जनसुनवाई कर रहे एसपी ट्रैफिक जितेंद्र श्रीवास्तव ने संबंधित थाना पुलिस को मामले की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
कोतवाली निवासी हज्जन अनीसा ने बताया कि उनके शोहर का देहांत हो गया है। उनके पांच बेटे हैं। छोटा बेटा विक्षिप्त है। अनीसा का आरोप है कि शोहर का देहांत होने के बाद उसके बेटे अपने नाम पर मकान कराने का दबाव बनाने लगे हैं। समय पर खाना भी नहीं देते हैं। एक बेटा तो यहां तक कहता है कि वह अपनी पत्नी को जला देगा और उस पर आरोप लगा देगा। वहीं, दूसरा बेटा मकान नाम नहीं होने पर किराये के मकान में रहने चला गया था। वह किसी तरह उसे मनाकर वापस घर लाई। बुजुर्ग ने बताया कि हद तो तब हो गई जब बेटों के साथ मिलकर बहुओं ने भी उसे पीटना शुरू कर दिया। रोज-रोज की पिटाई से तंग आकर पीड़िता शनिवार को एसएसपी ऑफिस पहुंची और बेटों व बहुओं से अपनी जान की सुरक्षा की गुहार लगाई।
घर छोड़ दे, नहीं तो जान से मार देंगे
अनीसा ने बताया कि उसके बेटे कहते हैं कि या तो घर छोड़कर चली जा, नहीं उसे जान से मार देंगे। बेटों की धमकी से वह रातभर ठीक सेे सो भी नहीं पाती है। वह अपने विक्षिप्त बेटे के साथ रहती है। उन्हें हमेशा यह डर सताता रहता है कि कहीं उसके अन्य बेटे उन दोनों की हत्या न कर दें। एसपी ट्रैफिक ने पीड़िता को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है।