मेरठ। नौचंदी के जयदेवी नगर में बुधवार आधी रात को व्यापारी सोनू कुल्फी वाले के घर बदमाशों ने बच्चों से नाम लेकर दरवाजा खुलवाया। पापा ने लाल बैग मंगाया है, कहकर भीतर घुसे और व्यापारी के दोनों बेटों को तमंचे और चाकू की नोक पर ले लिया। सेफ से लाखों रुपये कीमत के जेवरात निकाले और बच्चे के स्कूल बैग में रखकर भागने लगे। व्यापारी के बेटे ने बदमाशों से भिड़ने की कोशिश की, लेकिन तमंचा दिखाकर भाग निकले। पुलिस घटना में किसी परिचित का हाथ मानकर चल रही है।
नौचंदी के जयदेवी नगर में सुरेंद्र उर्फ सोनू रहते हैं। उनका वीर सिंह चुस्की वालों के नाम से कुल्फी स्टाॅल लगाने का काम है। नौचंदी मेले में सोनू ने कुल्फी की दुकान लगा रखी है। बुधवार की रात को वह पत्नी कांता देवी, मां विमला और बेटा प्रियांशु दुकान पर थे। घर पर बेटा कृष्णा और श्याम थे। दोनों के मुताबिक साढ़े 12 बजे के करीब दो युवक आए। उन्होंने श्याम को आवाज लगाकर कहा कि सोनू ने घर में रखा लाल बैग मंगाया है। इस पर बच्चों ने गेट खोल दिया। एक बदमाश घर में घुस गया और दूसरा गेट के सामने बाइक के बराबर में खड़ा रहा।
कृष्णा के मुताबिक बदमाश ने उसकी कनपटी पर तमंचा लगाकर बेडरूम का ताला तोड़ दिया। उसके बाद सेफ का ताला तोड़कर वहां रखे जेवरात उसके स्कूल बैग की किताबें फेंककर उसमें भर लिए। रात 12:54 पर बदमाश गेट से निकले तो कृष्णा ने हिम्मत दिखाते हुए बैग पकड़कर शोर मचा दिया। बदमाशों ने कृष्णा पर तमंचा तान दिया तो उसने बैग छोड़ दिया। बदमाश फरार हो गए। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंच और पुलिस को सूचना दी। दोनों बदमाशों को पकड़ने के पूरे क्षेत्र में लगे सीसीटीवी की फुटेज चेक की जा रही है। दो युवक बैंक कालोनी से होते हुए गढ़ रोड तक जाते नजर आ रहे हैं।
बदमाशों को बच्चों के नाम से लेकर घर में रखे बैग तक के बारे में पूरी जानकारी थी। ऐसे में कोई ऐसा परिचित है जिसको सारी जानकारी थी। कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। सोनू का मकान गली में बिल्कुल अंदर है। बदमाशों ने सोची समझी प्लानिंग के तहत वारदात को अंजाम दिया कि परिवार के बड़े लोग नौचंदी मेले में गए हैं, ऐसे में दोनों किशोर ही घर में हैं। इस वजह से बदमाशों के बेहद करीबी होने की आशंका जताई जा रही है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि पुलिस की कई टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी हैं।