मेरठ। साइबर अपराधियों ने पंजाब में रहने वाले बुजुर्ग दंपती को कॉल कर उनके बेटे का एक्सीडेंट होने की जानकारी दी। आरोपियों की बात पर विश्वास कर इलाज के लिए बुजुर्ग दंपती ने मेरठ निवासी दामाद मोहित कौशिक से ठगों के खाते में 1.05 लाख रुपये ट्रांसफर करा दिए। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि मामले में पल्लवपुरम थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर साइबर ठगों की तलाश शुरू कर दी है।
पल्लवपुरम थाना क्षेत्र के रुड़की रोड निवासी मोहित कौशिक ने दर्ज कराई एफआईआर में बताया है कि उनके बुजुर्ग सास-ससुर पंजाब के जालंधर में रहते हैं। वे बीमार रहते हैं। बुजुर्ग दंपती के पास फोन आया कि उनके बेटे का रोड पर एक्सीडेंट हो गया है। वह बहुत गंभीर हालत में है। उन लोगों को वह सड़क पर लहूलुहान पड़ा मिला है, वे उसे अस्पताल लेकर आए हैं। फोन करने वाले ने कहा कि डॉक्टरों ने इलाज के लिए 1.05 लाख रुपये जमा करने को कहा। फोन करने वाले ने बुजुर्ग से कहा कि अगर इलाज में देरी हुई ताे हालत बिगड़ सकती है।
बुजुर्ग दंपती ने अपने दामाद को मेरठ में फोन मिलाकर पैसे बताए गए एकाउंट में तुरंत ट्रांसफर करने को कहा। दामाद को भी लगा कि मामला गंभीर है। उन्होंने खुद और अपने दोस्त के एकाउंट से साइबर ठग के एकाउंट पर 1.05 लाख रुपये ट्रांसफर करा दिए। शाम के समय बेटे ने पिता को फोन किया तो उन्हें ठगी की जानकारी हुई। इसके बाद जिस नंबर से फोन आया था वह बंद हो गया।