दलदली तालाब में चल रहा रेस्क्यू ऑपरेशन
- फोटो : अमर उजाला
दलदल के कारण तलाश में आ रही परेशानी
तालाब में अधिक दलदल होने के कारण अंकित की तलाश में बचाव दल को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गोताखोरों को पानी के अंदर जाने और तलहटी तक पहुंचने में दिक्कत हो रही है। दो निजी गोताखोर भी मौके पर पहुंचे, लेकिन दलदल अधिक होने के कारण वे भी तलाश अभियान में शामिल नहीं हो सके। इसके चलते पीएसी के गोताखोरों और पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। देर रात तक तालाब में तलाश जारी रही।
तालाब किनारे बैठी रही मां, पथरा गईं आंखें
बेटे को अपनी आंखों के सामने तालाब में कूदता देख मां ममता का रो-रोकर बुरा हाल है। वह उसे बचाने के लिए पीछे दौड़ीं, लेकिन अंकित उनकी पकड़ में नहीं आ सका। बेटे को पानी में डूबता देख उनकी चीख निकल गई। ग्रामीणों ने उन्हें संभालने का प्रयास किया, लेकिन उनकी निगाहें लगातार तालाब पर टिकी रहीं। तालाब के किनारे बैठकर वह बेटे के सुरक्षित बाहर निकलने की आस लगाए रहीं। बार-बार बेटे को याद कर उनका रोना मौके पर मौजूद लोगों को भी भावुक कर रहा था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
हादसे की होगी जांच
मौके पर सीओ दौराला शिव ठाकुर, थाना प्रभारी भरत सारस्वत, ग्राम प्रधान बालकिशोर चौहान, पूर्व प्रधान बबलू चौहान, प्रेमपाल और पूर्व जिला पंचायत सदस्य ललित चौहान सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि अंकित की तलाश कराई जा रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी भी जांच की जाएगी।