किठौर। कस्बे में पुत्र और उसकी पुत्रवधू ने संपत्ति के बंटवारे को लेकर विधवा मां को गाली गलौज कर जमकर पीटा। आरोप है कि उक्त लोगों ने दुपट्टे से गला दबाया। मरा समझकर दोनों मौके से भाग खड़े हुए। पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़िता ने अपने दो बेटों और पुत्रवधू से जान का खतरा बताते हुए नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
कस्बे के मोहल्ला छंगा काॅलोनी निवासी सुशीला ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उसके पति की काफी समय पूर्व मृत्यु हो चुकी है। महिला के चार पुत्र और तीन पुत्री हैं। तीनों पुत्रियों और दो पुत्रों की शादी हो चुकी है। पीड़िता के दो मकान व एक दुकान थी। आरोप है कि पुत्र रवि ने अपनी पत्नी रजनी के साथ छल कपट करके आधे मकान का बैनामा करा लिया। जबकि उसके दो पुत्र बिट्टू और धीरज अविवाहित हैं। चौथा पुत्र मोनू दबंग किस्म का है। पीड़िता ने बताया कि वह 6 अक्तूबर को रजनी और माेनू से मिलने गई थी तथा पैतृक संपत्ति के बंटवारे के लिए कहा।
आरोप है कि उक्त लोगों ने पीड़िता के साथ गाली गलौज कर मारपीट की तथा जान से मारने की नीयत से दुपट्टे से गला दबाया। उसे मृत समझकर उक्त लोग वहां से फरार हो गए। आरोप है कि उक्त लोग संपत्ति के बंटवारे को लेकर उसे तथा उसके दोनों अविवाहित बेटों को जान से मारने की फिराक में हैं। पीड़िता ने रवि, उसकी पत्नी रजनी और मोनू के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है।