साप्ताहिक बाजार बंदी को लेकर एकमत नहीं व्यापारी
कॉरपोरेट व शॉपिंग मॉल की तरह कर रहे बाजार खोलने की मांग
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। बाजार की साप्ताहिक बंदी को लेकर व्यापारी एकमत नहीं हैं। संयुक्त व्यापार संघ कॉरपोरेट और शॉपिंग मॉल की तरह बाजारों को खोले जाने की मांग कर रहे हैं। इस बात को संगठन पदाधिकारियों ने श्रमायुक्त के सामने रखा था। अब सोमवार को जहां कुछ बाजार खुलेंगे तो कुछ बंद रहेंगे। कुछ बाजारों को खोलने और बंद रखने के लेकर संगठन को वोटिंग कराने की नौबत आ गई।
सदर व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुनील दुआ और महामंत्री अमित बंसल ने कहा कि सोमवार की साप्ताहिक बंदी व्यापारियों को स्वीकार नहीं है। संपूर्ण बाजार खोला जाएगा। ऐसे में सदर और बांबे बाजार पूरी तरह खुला रहेगा। उधर, कोटला बाजार व्यापार संघ में कुछ व्यापारियों ने शादी सीजन का हवाला देकर माह में दो सोमवार बाजार खोलने की बात रखी। अध्यक्ष सुधीर अग्रवाल ने बताया कि बाजार में वोटिंग के बाद 185 दुकानदार सोमवार की बंदी के पक्ष में थे तो 13 दुकानदार दुकान खोलना चाह रहे थे। ऐसे में सोमवार की साप्ताहिक बंदी की घोषणा की गई है।
संयुक्त व्यापार संघ के महामंत्री दलजीत सिंह ने बताया कि कोटला मंडी बंद रहेगी और शहर दालमंडी खुली रहेगी। उधर, सदर गंज बाजार दाल मंडी व्यापार संघ के अध्यक्ष सतीश बंसल और महामंत्री समीर खुराना ने बताया कि विवाह सीजन और कोरोना के कारण हुए व्यापारियों के नुकसान को देखते हुए बाजार खोला जाएगा। संयुक्त व्यापार संघ के मंत्री अंकित गुप्ता ने बताया कि धानेश्वर चौक व्यापार संघ, स्वराज पथ व्यापार संघ, दाल मंडी व्यापार संघ, किराना बाजार व्यापार संघ और डिस्को मार्केट व्यापार संघ ने बाजार बंद रखने का निर्णय लिया है। कुछ व्यापार संघों ने माह के अंतिम सोमवार को बाजार बंद करने का निर्णय लिया है। वहीं, आबूलेन पर ब्रांडेड व बड़े शोरूम खोले जाने के बारे में बताया गया।
यहां खुलेंगे
सदर और बांबे बाजार
शहर दालमंडी
सदर गंज बाजार
सदर दाल मंडी
आबूलेन पर बड़े शोरूम
---
यहां बंद रहेंगे
कोटला मंडी
कोटला बाजार
धानेश्वर चौक व्यापार संघ से जुड़े बाजार
स्वराज पथ व्यापार संघ से जुड़े बाजार
दाल मंडी व्यापार संघ से जुड़ीं दुकानें
किराना बाजार व्यापार संघ से जुड़ीं दुकानें
डिस्को मार्केट व्यापार संघ से जुड़ीं दुकानें