सोलर प्लांट के प्रोजेक्ट मैनेजर पर हमला
सरधना। अक्खेपुर जलालपुर के जंगल में निर्माणाधीन सोलर प्लांट पर मंगलवार को 50 से ज्यादा युवकों ने हमला कर दिया। प्रोजेक्ट मैनेजर के रोकने पर लाठी डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर घायल कर दिया। आरोप है कि युवकों ने सोलर प्लांट और गाड़ी में तोड़फोड़ की। आरोपी काम बंद कराने की धमकी देकर फरार हो गए।
सरधना क्षेत्र के अक्खेपुर जलालपुर के जंगल में दस मेगावाट का सोलर प्लांट निर्माण का कार्य चल रहा हैं। इसमें गाजियाबाद निवासी तनुज यादव प्रोजेक्ट मैनेजर है। मंगलवार को तनुज यादव ने थाने में तहरीर दी। उसने बताया कि मंगलवार को वह सोलर प्लांट पर मौजूद था। इसमें दोपहर के समय दो दर्जन से अधिक बाइकों पर सवार 50 से अधिक युवक पहुंचे। उन्होंने निर्माण कर रहे मजदूरों को धमकाना शुरू कर दिया। तनुज ने जब उनसे कारण पूछा तो आरोपियाें ने उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने हवाई फायरिंग भी की। घायल तनुज को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। समाचार लिखे जाने तक मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी। इस संबंध में थानाध्यक्ष ब्रिजेश कुमार सिंह ने बताया कि जांच शुरू कर दी है।