संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। कालंदी गांव में निजी भूमि से अनुमति से अधिक मिट्टी खनन किए जाने का मामला सामने आया है। खनन अधिकारी की स्थलीय जांच में मौके पर अनुमति से अधिक खनन पाया गया। अब जिलाधिकारी कार्यालय के खनन अनुभाग ने संबंधित नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और लेखपाल से राजस्व अभिलेखों के आधार पर दोबारा स्थलीय पैमाइश कराकर जांच रिपोर्ट मांगी है।
खनन अधिकारी ने एसडीएम को भेजी रिपोर्ट में बताया कि कालंदी गांव में राजस्व अभिलेखों में जयपाल और कृष्णपाल के नाम संक्रमणीय भूमि दर्ज है। पूर्व में इस भूमि से मिट्टी खनन किए जाने की रिपोर्ट भेजी गई थी। रिपोर्ट के अनुसार 31 अगस्त को मौके का स्थलीय निरीक्षण किया गया था। इस दौरान शिकायतकर्ता मौके पर मौजूद नहीं था, जबकि भूमि स्वामी उपस्थित था। क्षेत्रीय लेखपाल को मौके पर बुलाया गया, लेकिन वह नहीं पहुंच सकीं। जांच के दौरान यूपी माइंस मित्र पोर्टल पर किसानों के निजी उपयोग के लिए 100 घन मीटर साधारण मिट्टी खनन की अनुमति मिली। खनन अधिकारी के अनुसार मौके पर अनुमति से अधिक खनन पाया गया। वर्तमान में प्राप्त जांच आख्या मौके की स्थिति के अनुरूप नहीं है। इसलिए दोबारा जांच और पैमाइश आवश्यक बताई गई है। संबंधित अधिकारियों से छह दिन में रिपोर्ट भेजने को कहा गया है। एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने राजस्व टीम को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।