कांवड़ यात्रा के चलते भैसाली बस अड्डे को सोहराबगेट बस अड्डे पर अस्थायी रूप से शिफ्ट कर दिया है। सोमवार से लेकर एक जुलाई तक भैसाली बस अड्डा सोहराबगेट डिपो से ही संचालित किया जाएगा। आरएम मनोज कुमार पुंडीर ने बताया कि कांवड़ यात्रा के चलते शामली, अंबाला, बड़ौत जाने वाली बसें कंकरखेड़ा बाईपास से चलेगी।
बागपत जाने वाली बस बागपत बाईपास से जाएंगी। दिल्ली, गाजियाबाद, नोएड़ा, बिजनौर, कोटद्वार और मुजफ्फरनगर आदि जाने वाली बसों को सोहराबगेट से संचालित किया जाएगा। एक जुलाई तक भैसाली बस अड्डा सोहराबगेट से ही संचालित होगा। एक जुलाई शाम को बस अड्डा मूल जगह वापस शिफ्ट हो जाएगा।
बस डायवर्ट होने से यात्री परेशान
पुलिस ने पूर्वाह्न 11 बजे रोडवेज की मुजफ्फरनगर जाने वाली बसों को वाया मवाना की ओर डायवर्ट कर दिया। कांवड़ यात्रा के चलते जिला प्रशासन ने शनिवार आधी रात से ही बड़े वाहनों का संचालन हाईवे पर बंद कर दिया था। जीरो माइल पर बैरियर लगाकर वाहनों को वाया मवाना रोड भेजा जा रहा है। बसों के जीरो माइल चौराहे से मवाना रोड की तरफ मुड़ते ही यात्रियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। परिचालक ने बताया कांवड़ यात्रा के चलते बस मीरापुर से होते हुए जाएगी। इसके चलते दौराला, सकौती, खतौली आदि जाने वाली सवारी वहीं उतर गई। एआरएम मेरठ डिपो संदीप अग्रवाल ने बताया कि मुजफ्फरनगर की ओर जाने वाली बसें वाया मवाना-मीरापुर होकर चलाई जा रही हैं।