जानीखुर्द। क्षेत्र के ग्रामीणों को संक्रामक बीमारियों और मच्छरों के प्रकोप से बचाने के लिए समाजसेवी विवेक बाफर ने एक सराहनीय पहल की है। शुक्रवार को उन्होंने जानी क्षेत्र के गांवों के लिए एक फॉगिंग मशीन समर्पित की, जिसका उद्देश्य क्षेत्र में मच्छर जनित रोगों पर लगाम लगाना है। मशीन का शुभारंभ करते हुए विवेक बाफर ने कहा कि जानी क्षेत्र के गांवों में हर साल मच्छरों के पनपने के कारण हजारों ग्रामीण बीमार पड़ते हैं। जलभराव और गंदगी के कारण पनपने वाले मच्छरों से डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों की इसी समस्या और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उन्होंने व्यक्तिगत स्तर पर फॉगिंग मशीन खरीदने का निर्णय लिया। अब क्षेत्र के गांवों में नियमित रूप से फॉगिंग कराई जाएगी। इस मौके पर हरेंद्र किठौली, नौशाद प्रधान, कामयाब, मोनू, जसविंद्र सिंह, जाफर सिसौला एवं अन्य गणमान्य मौजूद रहे।