बिजनौर। गंगा एक्सप्रेसवे जिला बिजनौर से निकालने की मांग के समर्थन में सामाजिक संगठन भी आगे आए हैं।
व्यापारी सुरक्षा फोरम संस्थान रजिस्टर्ड बिजनौर के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन देने वालों में संगठन जिलाध्यक्ष लाला विवेक गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ नीतू अग्रवाल, जिला संरक्षक अनिल कंबोज, नगराध्यक्ष संजू शर्मा, जिला उपाध्यक्ष डॉ राजेंद्र शर्मा, मदन पाल आदि रहे।
उधर भाजपा पिछड़ा मोर्चा सोशल मीडिया जिला प्रमुख रितेश सैन ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर गंगा एक्सप्रेसवे को अमरोहा से बिजनौर गंगा नदी के किनारे विदुर कुटी, गंगा बैराज, कण्व ऋषि आश्रम रावली, बालावाली व नांगल सोती होकर हरिद्वार तक निकालने की मांग की है।
भुइयार समाज ने दिया ज्ञापन
बिजनौर। भुइयार समाज उत्थान समिति की ओर से सोमवार को डीएम से मिलकर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। कहा कि बिजनौर महात्मा विदुर और महाराज भारत की जन्मस्थली रही है। मां गंगा का हरिद्वार के बाद बिजनौर में ही प्रवेश करती है। उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक 115 किलोमीटर तक गंगा बिजनौर में ही बहती है। इसलिए गंगा एक्सप्रेसवे भी बिजनौर से निकलना चाहिए।
सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने दिया ज्ञापन
बिजनौर। सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर एसोसिएशन की ओर से डीएम को एक ज्ञापन दिया गया। ज्ञापन में गंगा एक्सप्रेसवे को बिजनौर से निकालने जाने की मांग उठाई। कहा गया कि सोशल मीडिया के माध्यम से गंगा एक्सप्रेसवे मुजफ्फरनगर से होकर निकल जाने की जानकारी मिल रही है। गंगा एक्सप्रेसवे बिजनौर से ही निकलना चाहिए।