थाने से पर्दे और एलईडी ले गए इंस्पेक्टर
मेरठ में नौचंदी थाने में बृहस्पतिवार को उस समय बखेड़ा हो गया, जब नवागत थानेदार को पता चला कि पूर्व इंस्पेक्टर थाने के ऑफिस से पर्दे और एलईडी भी ले गये। इस दौरान सिपाही से लेकर दरोगा भी चुप रहे। यह मामला सीओ से लेकर एसएसपी तक पहुंच गया। बाद में पुलिस अफसर मामले को दबाने में लग गए।
सुरेंद्र कुमार राणा नौचंदी थाने में इंस्पेक्टर थे। बुधवार को एसएसपी ने ट्रांसफर होने पर इंस्पेक्टर को सहारनपुर के लिए रिलीव करने का आदेश जारी कर दिया। बताया गया है कि इंस्पेक्टर नौचंदी थाने में अपने ऑफिस में लगी एलईडी और पर्दे भी उतार ले गये। बृहस्पतिवार को एसओ उमेशचंद पचौरी नौचंदी थाने पहुंचे तो ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से ऑफिस में लगे पर्दे और एलईडी के बारे में पूछा। पता चला कि उन्हें इंस्पेक्टर साहब ले गये। यह सुनते ही पचौरी भड़क गये और स्टाफ से कहा कि क्या यह इंस्पेक्टर का घर का थाना है। एसओ ने पुलिसकर्मियों से पूछा कि यह सामान कहां से लाकर लगाया गया था, इसका कोई भी पुलिसकर्मी जवाब नहीं दे सका।